श्रद्धालुओं के बीच घुसे घोड़े, 6 घायल
आनंदपुर साहिब|होला महल्ला के अंतिम दिन गुरु की लाडली फौजें निहंग सिंह संगठनों द्वारा निकाले गए महल्ले के दौरान ऐतिहासिक चरणगंगा स्टेडियम में आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु प्रबंधों की कमी के चलते घायल हो गए जिन्हें भाई जैता जी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार महल्ला निकालने मौके गुरु की लाडली फौजों द्वारा जब जौहर दिखाने शुरू किए गए तो तस्वीरें खींचने और जौहर देखने में भारी तादाद में श्रद्धालु स्टेडियम में पहुंचे हुए थे। इस दौरान घोड़े अचानक बेकाबू होकर घुस गए। इससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इससे सर्बजीत सिंह, मान सिंह, हरजीत सिंह, दविंदर सिंह, अमीर खान, मनप्रीत सिंह, अर्शदीप सिंह, जसवीर सिंह तथा अमरजीत कौर को चोटें लगी। घायलों को अस्पताल मंे भर्ती करवाया गया जहां डाक्टरों ने उपचार के बाद छुट्टी दे दी।