मोरिंडा बस स्टैंड में पानी भरने से यात्री परेशान
बस स्टैंड में गंदा पानी खड़ा होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड पर खड़ा यह गंदा पानी मेन नाले के ओवरफ्लो हो जाने के कारण फैला हुआ है।
गंदे पानी से काफी बदबू आ रही है और वहीं इस पानी में से गुजरने वाले वाहनों की वजह से बस यात्रियों आदि के कपड़े भी खराब हो रहें है। स्थानक दुकानदारों का कहना है कि नगर कौंसिल अधिकारियों के द्वारा टैंकर भेज कर नाले का पानी निकाल लिया जाता है लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर बस स्टैंड में फैल जाता है।
लोगों ने मांग की है कि मेन नाले की अच्छी तरह से सफाई करवाई जाए ताकि यह समस्या बार बार न पैदा हो। इस सबंध में नगर कौंसिल के सेनेट्री इंस्पेक्टर वरिंदर सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि वह सफाई कर्मियों को भेज कर इस समस्या क हल करवा देंगे।