- Hindi News
- National
- Morinda News Railway Underbridge Works Halted Due To Rain Due To Breakdown Of Water Pipeline Water Filled In Dug Pits
रेलवे अंडरब्रिज का काम बारिश के कारण रुकवाया पानी की पाइप लाइन टूटने से खोदे गड्ढों में भरा पानी
शहर में बन रहे रेलवे अंडरब्रिज से लोगों को परेशानी हो रही है। अंडरब्रिज के काम को बारिश व पीने वाले पानी की पाइप लाइन टूट जाने के कारण जहां काम को रोक दिया गया है वहीं इससे शहर में पीने वाले पानी की समस्या भी पैदा हो गई है। काम के दौरान जो सड़क खोदी गई थी उसमें भी बारिश का पानी इकट्ठा हो गया है। इससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं पीने वाला पानी न आने से लोग परेशान हैं। अंडरब्रिज के काम के चलते शहर भी 2 हिस्सों में बंट गया है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी चंडीगढ़ में पढ़ने और काम करने वाले लोगों को आ रही है।
इस संबंधी नंबरदार जगविंदर सिंह पम्मी, बलजीत सिंह, स्वर्ण सिंह, हरमीत सिंह, सुखबीर सिंह ने बताया कि जब से अंडरब्रिज का काम शुरू हुआ है तब से शहर में दाखिल होने के सभी रास्ते बंद हो गए हैं। खरड़, मोहाली, चंडीगढ़ में काम करने वाले और पढ़ने वाले बच्चों को पहले बस स्टैंड से बस और ऑटो मिल जाते थे लेकिन जब से काम चल रहा है तब से बहुत सी बसें बाईपास से होकर ही निकल जाती हैं। कई बस चालक लुधियाना और पटियाला से आने वाले यात्रियों को बाईपास पर ही उतार देते हैं इससे यात्री भी परेशान हो रहे हैं।
आपको बता दें कि अंडरब्रिज के काम के चलते जेसीबी से खुदाई के समय रेलवे कॉलोनी, फतेह नगर और शहीद भगत सिंह नगर को जाने वाली पानी की पाइप लाइन टूट गई है। इससे लोगों को एक सप्ताह से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पंजाब राज पेंशनर्ज एसो. के नेता हरदेव सिंह, धर्म सिंह, मनप्रीत सिंह, गुरपाल कौर, कमलजीत कौर आदि ने बताया कि उनकी ओर से बार बार मांग करने पर भी नगर कौंसिल की ओर से पीने के पानी का कोई प्रबंध नहीं किया गया। उपर से नगर कौंसिल तथा वाटर सप्लाई विभाग की ओर से एक दूसरे पर जिम्मेवारी डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। जिसके कारण उनका समय भी बर्बाद हो रहा है।
समस्या हमारे ध्यान में है : पथरिया
इस संबंध में नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी अशोक पथरिया ने कहा कि इस समस्या की उनको जानकारी है और इलाका निवासियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जा रही है। यह प्रबंध जल्दी ही कर दिया जाएगा।
अधिकारी पानी की निकासी के करें इंतजाम : गुंबर
शहरवासी जतिंदर गुंबर, हर्ष कोहली और जतिंदर शर्मा ने कहा कि अंडरब्रिज का काम में अधिकारियों को विशेष तौर पर पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध करने चाहिए क्योंकि पहले से ही मोरिंडा-चुन्नी रोड पर बना हुअा रेलवे अंडरब्रिज, जिस पर रेलवे विभाग द्वारा छत भी डाल दी गई है, के बावजूद भी वहां पर बरसात का पानी खड़ा रहता है। अगर इस अंडरब्रिज पर भी पानी की निकासी सही न हुई तो यह अंडरब्रिज सुविधा की जगह दुविधा बन जाएगा।