- Hindi News
- National
- Barnala News Crop Of Wheat Seed Farmers Without Burning Straw In Better Condition Dr Baldev
पराली जलाए बिना गेहूं बीजने वाले किसानों की फसल बेहतर स्थिति में : डा. बलदेव
खेतीबाड़ी और किसान भलाई विभाग के अधिकारियों ने बेमौसमी बरसात के बाद फसलों का जायजा लेने के लिए टीमें बना कर वीरवार को खेतों का दौरा किया, जिनका नेतृत्व मुख्य कृषि अफसर डा. बलदेव सिंह ने किया। उन्होंने गांव ठीकरीवाला के परमजीत सिंह के खेत का दौरा किया, जिसने 100 एकड़ क्षेत्र में धान की पराली को आग लगाए बिना गेहूं की बिजाई हैपीसीडर, सुपरसीडर और उलटावें हल मार कर की है।
डा. बलदेव सिंह ने बताया कि इस किसान की गेहूं भारी बारिश कारण भी नहीं गिरी। उन्होंने किसान की प्रशंसा करते हुए बताया कि किसान 100 एकड़ क्षेत्रफल में धान की सीधी बिजाई कर रहा है और कुदरती स्रोतों की संभाल में योगदान डाल रहा है। इसी तरह मुख्य कृषि अफसर ने गांव ठीकरीवाला के हरभजन सिंह के खेतों का दौरा किया, जिसने 3 एकड़ में गेहूं की बिजाई धान की पराली को आग लगाए बिना हैपीसीडर से की है। डा. बलदेव सिंह ने बताया कि इस किसान की फसल अच्छी स्थिति में खड़ी है और कहीं भी कीड़े-मकौडों का हमला देखने में नहीं आया है। मुख्य कृषि अफसर ने किसानों को कहा कि अगर किसी भी खेत में पीली कुंगी रोग या किसी बीमारी का हमला नजर आता है तो किसान कृषि अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इस मौके पर कृषि अफसर डा. दिलबाग सिंह, डा. सुखपाल सिंह, डा. गुरचरन सिंह, बेअंत सिंह और किसान जगजीत सिंह, सुखदीप सिंह, मनदीप सिंह, गुरजीत सिंह और जगतार सिंह सहित अन्य किसान शामिल थे।
दौरे के दौरान खेतों में किसानों के साथ कृषि अधिकारी।