- Hindi News
- National
- Sangrur News District Administration Claims No Need To Panic Health Department Fully Prepared To Deal With Coronavirus
जिला प्रशासन का दावा- घबराने की जरूरत नहीं, सेहत विभाग कोरोनावायरस से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार
जिले में कोरोनावायरस के 2 संदिग्ध मरीजों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विभाग ने उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। दोनों मरीज नेपाल से वापस आए हैं। खांसी-जुकाम होने पर वे धूरी के सिविल अस्पताल में भर्ती हुए। जहां वीरवार देर रात उन्हें संगरूर सिविल अस्पताल के रेफर कर दिया गया। शुक्रवार को दोनों मरीजों के कोरोनावायरस संबंधी टेस्ट करवाने के लिए सैंपल ले लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों को कोरोनावायरस है या नहीं। वहीं इटली व स्विटजरलैंड के निजी दौरे से लौटे एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग भी एहतियात के तौर पर 8 मार्च से पुलिस लाइन में एकांत में रह रहे हैं। वह न तो किसी से मिल रहे हैं व न ही दफ्तरी काम के लिए कार्यालय में जा रहे हैं। डॉ. संदीप गर्ग ने बताया कि उन्हें किसी भी तरह की कोई समस्या नही है। परंतु सरकार की गाइड लाइन के अनुसार विदेश से आने वाले व्यक्ति को 14 दिन तक आइसोलेशन में रहना जरूरी है। इस कारण वह किसी भी तरह का रिस्क नहीं ले सकते।
इधर, धूरी के रहने वाले दो युवक पिछले दिनों नेपाल गए थे। कुछ दिन पहले ही वे वापस लौटे थे। खांसी-जुकाम होने पर दोनों ने धूरी के सिविल अस्पताल में चेकअप करवाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें संगरूर के लिए रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ.कृपाल सिंह ने बताया कि दोनों मरीजों को डॉक्टरों की निगरानी में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। एक-दो दिन में रिपोर्ट आने के बाद इसकी पुष्टि की जाएगी। अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 6 बेड लगाए गए हैं। वार्ड में सभी तरह की तैयारियां हैं। लोगों के मन में कोरोनावायरस का डर दूर करने के लिए सेहत विभाग लोगों को जागरूक भी कर रहा है। वहीं जिला प्रशासन की ओर से गांव देहकलां व शहर की जेपी कॉलोनी में कोरोनावायरस से बचाव संबंधी मॉक ड्रिल की गई। डीसी घनश्याम थोरी ने बताया कि किसी भी समय कोरोनावायरस के केस से निपटने व सेहत सुविधाओं का रिव्यू करने के लिए मॉक ड्रिल करवाई गई थी। उन्होंने लोगों से अपील कि की कोरोनावायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। सेहत विभाग कोरोनावायरस से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
संबंधित खबर- पेज 3 पर
1 जनवरी के बाद विदेश दौरे पर गया व्यक्ति तुरंत सेहत विभाग से संपर्क करे : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार ने बताया कि जो व्यक्ति 1 जनवरी 2020 के बाद विदेश दौरे पर गया है या किसी संदिग्ध मरीज के सम्पर्क में आया है तो तुरंत सेहत विभाग से सम्पर्क करें। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड स्थापित किए गए हैं। इस संबंधी कोई भी जानकारी के लिए नेशनल कॉल सेंटर 011-23978046 या जिला नोडल अधिकारी डॉ. उपासना बिंद्रा के मोबाइल नंबर 97792-38211 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
देहकलां गांव व जेपी कॉलोनी में कोरोनावायरस से बचाव के लिए करवाई मॉक ड्रिल
ये रखें सावधानियां|हाथों को बार-बार और अच्छी तरह साबुन और पानी से धोना चाहिए या अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग करना चाहिए। हर व्यक्ति को अपने मुंह को टिश्यू /रुमाल से ढंकना चाहिए। खांसने या छींक मारने के बाद अपने हाथ धो लेने चाहिए। अपनी आंखों, नाक और मुंह पर इस्तेमाल किए गए टिश्यू को एक डिब्बे में फेंक देना चाहिए। बार-बार छूने वाले स्थानों जैसे कि दरवाजे की नोकें, स्विच, डेस्कटॉप, सीढ़ियों की रेलिंग आदि को कीटाणु रहित करना चाहिए। बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ आने पर तुरंत टेस्ट करवाएं।
ये हैं लक्षण|101 डिग्री या इससे ज्यादा तेज बुखार, खांसी, जुकाम, गले में दर्द, छींक आना या नाक बहना, शरीर टूटता महसूस होना, गले में दर्द, सांस लेने में तकलीफ कोरोनावायरस के लक्षण हैं। कोरोना से पीड़ित व्यक्ति यदि खुले वातावरण में खांसता, छींकता है तो उसके मुंह से निकली लार के संपर्क में यदि तंदरुस्त आदमी आ जाता है तो वह कोरोनावायरस का मरीज बन सकता है।
संगरूर के गांव देहकलां में मॉक ड्रिल करती सेहत विभाग की टीम व (इनेसट में) सिविल अस्पताल में संदिग्ध मरीजों को लेकर पहुंचे सेहत विभाग के कर्मचारी।