- Hindi News
- National
- Bhawanigarh News Sikligar Brotherhood Has Done Important Service In Sikh Community Longowal
सिख कौम में सिकलीगर भाईचारे ने दी है अहम सेवा : लौंगोवाल
स्थानीय गुरुद्वारा पातशाही नौवीं में सिकलीगर भाईचारे के 23 परिवारों को आर्थिक सहायता देने के लिए समागम का आयोजन किया गया। इसमें शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने विशेष तौर पर शिरकत की। इस मौके पर भाई गोबिंदर सिंह लौंगोवाल ने कहा कि सिख कौम में सिकलीगर भाईचारे की अहम सेवा को देखते हुए एसजीपीसी की ओर से पंजाब के अलावा अन्य राज्यों में सिकलीगर भाईचारे के लिए आर्थिक मदद के अलावा उनके बच्चों की स्कूल फीस भी कमेटी द्वारा दी जाती है। उन्होंने कहा कि सिकलीगर भाईचारे के 23 परिवारों को 2 लाख 30 हजार रुपए मदद देने के अलावा गांव काकड़ा में बने दीवान टोडर मल गेट के लिए 50 हजार रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा भाई लौंगोवाल ने कहा कि श्री मस्तुआना साहिब द्वारा समाज में धार्मिक के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी अहम योगदान डाला गया है। परंतु ढींडसा परिवार द्वारा किए गए कब्जे को मुक्त करवाने के लिए अदालत में केस किया गया है। इसकी बहस 20 मार्च को होनी है और उन्हें उम्मीद है कि हाईकोर्ट एसजीपीसी को इंसाफ देते हुए अपना फैसला सुनाकर मस्तुआना साहिब को ढींडसा परिवार से कब्जा मुक्त करवाएगी। मौके पर पूर्व विधायक प्रकाश चंद गर्ग, प्रेम चंद गर्ग, मनप्रीत सिंह भलवान, जत्थेदार जोगा सिंह, निर्मल सिंह, हरविंदर सिंह, जगजीत सिंह, मनजीत सिंह, रूपिंदर सिंह, रवजिंदर सिंह, रविंदर सिंह, भरपूर सिंह, गुरविंदर सिंह आदि उपस्थित थे।
जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता का चेक सौंपते हुए एसजीपीसी प्रधान भाई गोबिंदर सिंह लौंगोवाल।