- Hindi News
- National
- Mandar News Rajasthan News Illegal Liquor Was Filled In 250 Bags Of Lime Stone Caught By Blockade Police
लाइम स्टोन के 250 कट्टाें में भरी थी अवैध शराब, मंडार पुलिस ने नाकाबंदी में पकड़ी
कांडलाराज मार्ग स्थित सोनेला गांव की सरहद पर नाकाबंदी के दौरान मंडार पुलिस ने अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पकड़ा। पुलिस ने जब्त शराब की कीमत ट्रक समेत 50 लाख रुपए आंकी है। ट्रक में लाइम स्टोन के नीचे छीपाकर शराब गांधीधाम ले जाई जा रही थी। शराब गांधी धाम में उतारने के बाद लाइम स्टोन अंकलेश्वर में उतारा जाना था। ट्रक चालक ने पुलिस को चकमा देने के लिए लाइमस्टोन के ओरिजनल बिल भी दिखाए, लेकिन जांच के दौरान ट्रक में शराब मिली।
थाना अधिकारी छगनलाल डांगी ने बताया कि होली के त्यौहार के दौरान एसपी कल्याण मल मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सोनेला गांव की सरहद पर एएसआई भागीरथसिंह ने दल समेत नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक तेज रफ्तार रेवदर की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक रुकवाकर जांच की तो उसने लाइम स्टोन भरा हुआ मिला। पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ की तो उसने लाइम स्टोन की बिल्टी भी दिखाई। इस पर पहले तो पुलिस ने उसे जाने के लिए कहा लेकिन पुलिस को शक होने पर उसे दुबारा रुकवाकर चालक को नीचे उतार कर वाहन की तलाशी ली। पुलिस ने लाइम स्टोन हटाकर देखा तो उसके नीचे अंग्रेजी शराब के कार्टन भरे हुए रखे थे। इस दौरान चालक ने वहां से भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ कर थाने ले आई। पुलिस ने ट्रक थाने लाकर तलाशी ली तो ट्रक में हरियाणा और छत्तीसगढ़ निर्मित 585 अंग्रेजी शराब के कार्टन मिले। जिसकी अनुमानित लागत ट्रक समेत करीब 50 लाख रुपए है। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक अलाउद्दीन को गिरफ्तार कर शराब समेत वाहन जब्त कर लिया।
गांधीधाम ले जानी थी शराब : पुलिस पूछताछ के दौरान वाहन चालक बड़ी खाटू श्यामजी नागौर निवासी अलाउद्दीन पुत्र भैरु पठान ने बताया कि उसने खींवसर से लाइम स्टोन के 250 कट्टे भरे वहां से वह सोनीपत गया, वहां लाइम स्टोन उतारा तथा पहले अंग्रेजी शराब के कार्टन भरे उसके ऊपर वापस लाइम स्टोन भर कर रवाना हुआ। शराब उसे गुजरात के गांधीधाम उतारनी थी। लेकिन मंडार में ही पकड़ा गया।
पहली बार पकड़ में आई छत्तीसगढ में बिकने जाने वाली अवैध शराब
थाना अधिकारी छगन लाल डांगी ने बताया कि हरियाणा निर्मित शराब नाकाबंदी कई बार पकड़ी गई है, लेकिन छत्तीसगढ निर्मित शराब पहली बार बड़ी मात्रा में पकड़ी गई है, जो गुजरात के गांधीधाम में बेचने के लिए ले जाई जा रही थी।
मंडार पुलिस की इस कार्रवाई में यह अधिकारी व पुलिसकर्मी थे शामिल
कांडला राजमार्ग स्थित सोनेला गांव में नाकाबंदी के दौरान मंडार थाने के सब इंस्पेक्टर छगन डांगी, एएसआई भागीरथ सिंह, हैड कांस्टेबल मांगीलाल, कांस्टेबल पवन कुमार, हीरालाल, रणजीत सिंह, राम नारायण, सुनील कुमार व दिलीप सिंह मौजूद रहे।
पुलिस का दावा : ट्रक समेत शराब की कीमत 50 लाख रुपए
मंडार पुलिस के हत्थे चढऩे के बाद पुलिस पूछताछ के दौरान ट्रक चालक अलाउद्दीन ने पुलिस को बताया कि हरियाणा से रवाना होने के बाद अनेक जगह पर उसे रोका गया था, हर जगह उसने स्टोन की बिल्टी दिखाई, उसे किसी ने नहीं रोका और जाने दिया गया। उसने बताया कि हरियाणा से दो दिन पहले चला था। तीन दिन में यह शराब गुजरात पहुंचानी थी, समय पर शराब पहुंचाने पर उसे 30 से 40 हजार रुपए का इनाम दिया जाता है, लेकिन उसमें कामयाब नहीं हो पाया। पहली बार इस रुट पर आया था, गुजरात की सीमा तक कई थानों के सामने से गुजरने के बाद मंडार पुलिस ने पकड़ा।
जब्त की गई गुजरात ले जाई जा रही शराब व गिरफ्तार ट्रक चालक।