उम्मीदवारों ने किया प्रचार, गांवों में निकाली रैलियां
पुष्कर | नव गठित अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति के पुष्कर उपखंड की आठ में से छह ग्राम पंचायतों में पंच व सरपंच के चुनाव रविवार को होंगे। चुनाव के लिए शनिवार देर शाम तक सभी मतदान केंद्रों पर टीमें पहुंच गई हैं। उपखंड की शेष दो ग्राम पंचायत कड़ैल व खोरी में चुनाव अगले चरण में होंगे। पुष्कर उपखंड की ग्राम पंचायत नांद, गनाहेड़ा,तिलोरा,देवनगर,बांसेली एवं कानस में रविवार को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। तिलोरा में 6, गनाहेड़ा में 5, देवनगर में 3, बांसेली में 4, कानस व नांद में 6 बूूूथ पर मतदान होगा। सरपंच के चुनाव ईवीएम एवं वार्ड पंचों के चुनाव मत पत्र से होंगे। मतदान के तत्काल बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सरपंच उम्मीदवारों ने जमकर प्रचार किया। गांवों में वाहन रैलियां निकाली तथा घर-घर दस्तक देकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। पुष्कर उपखंड की ग्राम पंचायत देवनगर व गनाहेड़ा में सरपंच पद के लिए कड़ा मुकाबला हाेने के अासार हैं। देवनगर में सामान्य महिला के लिए आरक्षित सरपंच पद के लिए सर्वाधिक 12 महिला उम्मीदवार अपना भाग्य अाजमा रही हैं।