अजमेर में जन आधार कार्ड का वितरण शुरू
अजमेर| लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ आमजन को सुगमता एवं पारदर्शिता से पहुंचाने के लिए राजस्थान जन आधार योजना का क्रियान्वयन शुरू किया गया है। इसके तहत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के पूर्व पंजीकृत परिवारों के जन आधार कार्ड उनके नजदीकी ई-मित्र केंद्राें के माध्यम से निशुल्क वितरित किए जा रहे हैं।
आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उप निदेशक दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि परिवार का मुद्रित कार्ड संबंधित परिवार के नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर वितरण के लिए पहुंचते ही उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर पर मैसेज प्राप्त हो रहा है कि आपका जन आधार कार्ड जारी हो चुका है कृपया नजदीकी ई-मित्र केंद्र से प्राप्त करेंं। साथ ही इस मैसेज में ई मित्र संचालक का नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित होगा। ये मैसेज प्राप्त होते ही परिवार का वयस्क सदस्य संबंधित ई-मित्र केंद्र से बॉयोमेट्रिक्स अंगूठा निशानी या पंजीकृत मोबाइल पर ओटीपी द्वारा ई-मित्र से जन आधार कार्ड निशुल्क प्राप्त कर योजना का लाभ उठा सकते हंै।