बेटे की हत्या का आरोपी पिता गिरफ्तार, जेल भेजा
लोहे की रॉड से हमला कर बेटे की निर्मम हत्या करने के फरार आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे बाद में अदालत ने जेल भिजवा दिया है।
थानाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि पुष्कर के पंपिंग स्टेशन के पास न्यू कॉलोनी गनाहेड़ा निवासी नैनाराम भोपा व उसके बेटे चैनाराम के बीच गत 3 मार्च की रात को झगड़ा हुआ। इस दौरान आरोपी नैनाराम ने अपने बेटे के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि अपना गुनाह छुपाने के लिये आरोपी पिता ने अपने रिश्तेदारों व समाज बंधुओं को बुला कर जल्द सुबह मृतक पुत्र के शव का दाह संस्कार कर दिया। मामला उजागर होने के बाद वह मौके से बेटे की जलती चिता छोड़ फरार हो गया। घटना के संबंध में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई महेंद्र की रिपोर्ट पर आरोपी पिता नैनाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस बीच गत दो दिन पूर्व आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे जेल भिजवा दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की छड़ व मृतक की चिता से जली हुई हड्डियां बरामद की है।
आरोपी नैनाराम।