कठिन परिश्रम से ही हासिल हाेते हैं लक्ष्य, पुरुषार्थ दिवस मनाया
पुरुषार्थ दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि।
अजमेर| दांता बीर चाैराहा स्थित काॅम्पिटिशन प्लस संस्थान द्वारा संचालित हुकुमचंद काॅलेज, आर्य नारायणी देवी टीटी काॅलेज, हुकुमचंद पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में संस्थान के निदेशक डाॅ. दिनेश चंद्र शर्मा के जन्मदिवस के उपलक्ष में पुरुषार्थ दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम शुभारंभ डाॅ. वेदप्रकाश ‘विद्यार्थी’ द्वारा वेद मंत्रों के साथ हवन करते हुए किया गया। रामानुज का जीवन परिचय विषय पर नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम अायाेजित किया गया। डाॅ. दिनेश शर्मा, डाॅ. विद्यार्थी ने सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया। डाॅ. निष्काम शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। डाॅ. विद्यार्थी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में कठिन परिश्रम के द्वारा ही अपने लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है। हर विद्यार्थी को महापुरुषों की जीवनी का अध्ययन कर जीवन के लक्ष्यों का निर्धारण करना चाहिए। उन्होंने डाॅ. दिनेश शर्मा के जीवन के कुछ संस्मरणों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।संस्थान निदेशक डाॅ. दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि शिक्षा के द्वारा ही एक अच्छे जीवन को अपनाया जा सकता और समाज को कुछ दिया जा सकता है।
हुकुमचंद काॅलेज के विद्यार्थियों द्वारा वृद्धाश्रम में सफाई कर उनकी जरूरत के सामानों को वितरित किया। आर्य नारायणी देवी टीटी काॅलेज के विद्यार्थियों ने पक्षियों के लिए परिंडे लगाकर भोजन और पानी की व्यवस्था की। बीर एवं दांता ग्राम के राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की व मटके वितरित किए। हुकुमचंद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रामगंज क्षेत्र में औषधीय पौधों का वितरण किया गया।
आगे भी ये कार्य किये जाने का प्रण लिया गया। कार्यक्रम में डाॅ. रीता पारीक, डाॅ. मीनाक्षी शर्मा, डाॅ. निशा मिश्रा, आराधना माहेश्वरी, मधु गुलानियां, निधि शर्मा आदि व्याख्याता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन हेमलता पाठक ने किया।