हजरत मीरां सैयद का उर्स : मजार शरीफ के बांधा कलावा, चढ़ाई मेहंदी
तारागढ़ पर हजरत मीरां सैयद हुसैन खिंग सवार का उर्स शान औ शौकत के साथ मनाया जा रहा है। गुरुवार को खुद्दाम ए मीरां ने मजार शरीफ के चारों ओर कलावा बांधा और मेहंदी लगाई। उर्स के मौके पर दरगाह रोशनी से जगमगा रही है। उर्स में शिरकत के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से जायरीन के पहुंचने का सिलसिला जारी है। तारागढ़ पर खासी रौनक बनी हुई है।
परंपरा के अनुसार शाम को खुद्दाम ए मीरां ने मजार शरीफ के चारों ओर सवा मन कलावा बांधा और सवा मन मेहंदी लगाई। इस मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद थे। शाम को हुई रोशनी की दुआ में भी बड़ी तादाद में जायरीन ने शिरकत की। इधर, तड़के 4 बजे हज़रत मीरां सैयद खिंग सवार की मजार को खादिमों द्वारा इत्र व केवड़े से गुस्ल दिया गया। तारागढ़ दरगाह इंतजामिया कमेटी की ओर से मजार शरीफ को नया गिलाफ़ पेश किया गया। सुबह भी मज़ार के चारों ओर सवा मन कलावा बांधा और सवा मन मेंहदी भी लगाई। इस मौक़े पर बड़ी संख्या में जायरीन मौजूद थे। दरगाह कमेटी के मेम्बर हाजी सैयद मोहम्मद यूनुस और हाजी सैयद शाकिर हुसैन के साथ ही पंचायत खुद्दाम सैयद जादगान के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
महफिल आज
इंतजामिया कमेटी तारागढ़ की ओर से मलंगों व जायरीन के लिए लंगर तकसीम होगा। रात 11 बजे से महफिल होगी। सदारत दरगाह इंतजामिया कमेटी तारागढ़ के सदर मोहसिन अली सुल्तानी और सदस्य सैयद शाकिर हुसैन और हाजी मोहम्मद यूनुस करेंगे। कुर्बान अली एंड पार्टी और दूसरे कव्वाल मीरां साहब की शान में कलाम पेश करेंगे।
तारागढ स्थित मीरां सैयद की मजार के चारों आेर कलावा बांधा गया।