पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हजरत मीरां साहब की शान में कलाम पेश, कलावा-मेहंदी लूटने की रस्म आज

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हजरत मीरां सैयद हुसैन खिंग सवार का उर्स तारागढ़ पर शानो शौकत से मनाया जा रहा है। शुक्रवार रात को सालाना उर्स की महफिल हुई। दरगाह इंतजामिया कमेटी तारागढ़ के सदर मोहसिन अली सुल्तानी की सदारत में देर रात तक सजी महफिल में बड़ी संख्या में आशिकान ए मीरां ने शिरकत की।

परंपरा के अनुसार रात 10:00 बजे बाद दरगाह के महफिल खाना में सालाना उर्स की महफिल हुई। कमेटी सदर सुल्तानी के साथ कमेटी सदस्य सैयद शाकिर हुसैन और हाजी मोहम्मद यूनुस ने महफिल की सदारत की। शाही कव्वाल कुर्बान हुसैन और साथियों ने हजरत मीरां की शान में कलाम पेश किए। देश के अन्य हिस्सों से आए कव्वालों ने भी सूफियाना कलाम पेश किए। दरगाह के महफिल खाने में बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद थे। इससे पूर्व इंतजामिया कमेटी की ओर से देशभर से आए कलंदर व मलंगों को रोटी तकसीम की गई। जायरीन के लिए लंगर का आयोजन किया गया। सदर सुल्तानी ने बताया कि करीब 2 क्विंटल दाल और 5 क्विंटल आटे की रोटियां लंगर में तक्सीम की गई। नियाज के बाद खुद्दाम मीरां के सातों खान दानों को विशेष रोटी तक्सीम की गई।

तारागढ़ पर बनी हुई है रौनक

हजरत मीरा के उर्स में शरीक होने के लिए पंजाब, हरियाणा , जम्मू और कश्मीर पश्चिम बंगाल, बिहार? उत्तर प्रदेश और प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे हैं । जायरीन की भीड़ से तारागढ़ पर खासी रौनक बनी हुई है। अकीदतमंद मजार शरीफ पर फूल और चादर पेश कर मन्नत मांग रहे हैं। आस्ताना शरीफ में भी जायरीन की लंबी कतार नजर आ रही है। दरगाह के महफिल खाना बुलंद दरवाजा और अन्य स्थानों पर जायरीन ही जायरीन नजर आ रहे हैं।

आज पेश होगी चादर

इंतजाम या कमेटी के सचिव सैयद सगीर अब्बास ने बताया कि शनिवार को सुबह 9:00 बजे खुदामें मीरां की ओर से धूमधाम से चादर पेश की जाएगी। हताई चौक से जुलूस के रूप में चादर लेकर खादिम रवाना होंगे और
सुबह 10:00 बजे मजार पर पेश की जाएगी।

कुल की रस्म सुबह 11 बजे

सचिव सगीर अब्बास ने बताया कि सुबह 11 बजे महफिल खाने में कुल की महफिल शुरू होगी। सदारत कमेटी सदर मोहसिन अली सुल्तानी सदस्य हाजी सैयद शाकिर हुसैन और हाजी सैयद मोहम्मद यूनुस करेंगे । दोपहर 1:15 बजे कुल की रस्म होगी। अकीदतमंद कलावा और मेहंदी लूटेंगे।

खबरें और भी हैं...