अजयमेरू प्रैस क्लब में होली पर फागुनी गीतों के साथ छाया हास्य-व्यंग्य का रंग
अजयमेरू प्रैस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देते हुए प्रतिभागी।
अजमेर | अजयमेरू प्रैस क्लब में रविवार को होली के अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम हुआ। करीब तीन घंटे चले इस कार्यक्रम में गुदगुदाने वाले सवाल किए गए, चुटकुले सुनाए गए, फागुन गीत, नृत्य, झलकी पेश की गई।
आरंभ में क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने शुभंकर गदर्भराज का लोकार्पण किया। जीएस विर्दी ने रंग बरसे भीगे चुनरवारी शानदार अंदाज में पेश किया। अशोक शर्मा और रेखा शर्मा ने चंग धीरे रे बजाओ राजस्थानी गीत पर आकर्षक फाग नृत्य पेश किया। सोनाली ने नवरंग फिल्म के गीत चल जा रे हट नटखट पर खूबसूरत नृत्य पेश कर खूब दाद बटोरी। कई सदस्यों ने चुटकुले सुनाए। उमेश चौरसिया ने मारवाड़ी में किस्सा चार चोर और शेखचिल्ली सुनाया। प्रदीप गुप्ता द्वारा लिखित और अभिनीत लघु नाटिका दुर्बल बाबा को भी खूब दाद मिली। इसमें अनिल गुप्ता, राजकुमार पारीक, प्रतापसिंह सनकत, विजय हंसराजानी, रजनीश रोहिल्ला, फरहाद सागर व आनंद शर्मा ने अभिनय किया। अंत में ईनामी ड्रा निकाल कर पुरस्कार दिए गए।