पुष्कर में देसी-विदेशी पर्यटकों ने जमकर खेली होली
तीर्थ नगरी पुष्कर में रंगों का त्याेहार होली धूमधाम से मनाया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुकी पुष्कर की होली का मंगलवार को जमकर धमाल मचा। कपड़े फाड़ने व डीजे पर लगाई गई रोक के बावजूद होली खेलने वालों के उत्साह व उमंग में कोई कमी नहीं आई। कोरोना वायरस की परवाह किए बिना नगर वासियों के साथ-साथ देश के विभिन्न नगरों व महानगरों
से आए युवक-युवतियों ने विदेशी
मेहमानों के साथ जमकर होली खेली। होली के रंगों में मदमस्त युवक-युवतियां ढाेल पर दिन भर झूमे।
पुष्कर में होली खेलने के लिए देसी-विदेशी मेहमानों का सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पुष्कर की तमाम होटलें व धर्मशालाएं हाउसफुल हो गई और होली के दौरान शहर के मुख्य बाजार की सड़के होली के रंग में डूबे देशी-विदेशी युवक-युवतियों से अटी रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार की शाम को सभी गली-माेहल्लों में चंग की थाप के बीच होली का दहन किया गया। वहीं दूसरे दिन धुलंडी के मौके पर दिन निकलने के साथ ही होली खेलने की सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते तीर्थ नगरी होली के रंग में डूब गई। जिधर देखो उधर देशी-विदेशियों के झुंड होली के रंग में डूबे हुए दिखाई देने लग गए। पंचकुंड रोड से ब्रह्मा मंदिर तक के मुख्य बाजार का माहौल तो पूरी तरह से सतरंगी हो गया। जगह-जगह होली के रंगों में सराबोर युवक-युवतियां झूमते रहे। होली का मुख्य केंद्र बिंदु वराह घाट व ब्रह्म चौक रहा। दोनों चौक में जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया लोगों में जोश बढ़ता गया। डीजे पर लगाई गई प्रशासनिक पाबंदी के चलते इस बार आयोजकों ने ढाेल की व्यवस्था की। ढाेल की धुनों पर देसी-विदेशी झूमते रहे तथा एक-दूसरे के गुलाल लगाते रहे। होली खेलने में पुरुषों के मुकाबले देशी-विदेशी युवतियों में खासा उत्साह था। युवतियों ने बेखौफ होकर युवकों के साथ होली खेली। हालांकि कुछ युवकों ने विदेशी युवतियों से रंग लगाने के बहाने छेड़छाड़ की कोशिश की। ऐसे मनचले युवकों को स्थानीय आयोजकाें, पुलिस मित्र एवं पुलिस के सादा वस्त्रधारी जवानों ने डंडाें से हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ दिया।
पुष्कर में होली खेलने पहुंचे ढाई हजार से ज्यादा विदेशी सैलानी, जमकर मचाया हुड़दंग
2 बजे बाद पुलिस ने पर्यटकाें काे भेजा
मुख्य बाजार में सुबह 9 बजे से शुरू हुआ होली का धमाल दोपहर 2 बजे तक चला। इसके बाद पुलिस मैदान में उतरी तथा ब्रह्म चौक व वराह घाट चौक में ढाेल बंद करवा दिए। साथ ही सड़कों पर होली खेल रहे देशी-विदेशी पर्यटकों को उनकी होटलों में भेजना शुरू कर दिया। कई पर्यटकों ने होटल व रेस्टॉरेंटों में भी होली खेली।
पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट
होली के दौरान पुलिस एवं प्रशासन की ओर से कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सभी प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी के साथ मुख्य बाजार में अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया। एएसपी किशन सिंह भाटी, डीएसपी विनोद कुमार, थानाधिकारी राजेश मीणा सहित अन्य थानाप्रभारियाें ने पुलिस बल के साथ प्रमुख स्थानों पर मोर्चा संभाल रखे थे। छुटपुट घटनाओं को छोड़ होली शांतिपूर्वक मनाई गई।
उम्मीद से अधिक उमड़ी भीड़
कोरोना के खौफ के बावजूद पुष्कर में करीब ढाई हजार विदेशी पर्यटकों की आवक दर्ज की गई। वहीं हजारों देशी पर्यटक भी पहुंचे। इससे दो दिन तक मेले सा माहौल बना रहा। विदेशी मेहमानों के साथ होली खेलने के लिए राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, एमपी, गुजराज समेत विभिन्न प्रदेशों से युवा पुष्कर आए। इनमें अधिकांश ताे इंजीनियरिंग एवं आईआईटी कॉलेजों के अाैर कई प्राइवेट कंपनियाें में जॉब करने वाले थे। पुष्कर की अधिकांश होटलाें, गेस्ट हाउस व धर्मशालाएं हाउस फुल रहीं। कई लोगों को हाेटलों में कमरे तक नहीं मिले।
विदेशी मेहमानाें के साथ स्थानीय लोगों ने भी जमकर खेली हाेली, नहीं लगी राेक
होली पर कपड़े फाड़ने की परपंरा पर पुलिस प्रशासन ने पिछली बार ही रोक लगा दी थी। इस बार पुलिस व प्रशासन ने कोरोना वायरस के चलते वराह घाट व ब्रह्म चौक में होने वाले होली के सामूहिक आयोजन में न केवल डीजे बजाने पर रोक लगाई, बल्कि प्रशासन ने नगर वासियों को विदेशी मेहमानों के साथ होली नहीं खेलने की भी एडवाजइरी जारी की थी। प्रशासन डीजे पर रोक तो लगाने में सफल हो गया। मगर लोगों को विदेशी मेहमानों के साथ होली खेलने से नहीं रोक सका। आलम यह रहा कि नगर वासियों के साथ साथ अजमेर, जयपुर, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों व शहरों से आये युवक-युवतियां कोरोना वायरस के संक्रमण की परवाह किए बिना विदेशी सैलानियों के साथ जमकर होली खेली।