खेलाें से सीखते हैं सफलता प्राप्त करने जज्बा : एसपी
खेलकूद प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि व खिलाड़ी।
अजमेर| खेलों से टीम भावना का विकास व मानसिक मजबूती मिलती है और खिलाड़ी सफलता को प्राप्त करने का जज्बा भी सीखते हैं। ये विचार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह ने युवा कार्यक्रम व खेल मंत्रालय के संगठन नेहरू युवा केंद्र और जिला प्रशासन की और से एयू बैंक और पृथ्वीराज फाउंडेशन की सहभागिता में पटेल स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में व्यक्त किए।
सिंह ने स्वयं के खिलाड़ी जीवन के अनुभव साझा किए और युवाओं को खेल भावना और जीवन में कभी भी हार न मानने का संदेश देते हुए अंतहीन प्रयासों के साथ जीवन बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पुलिस उप अधीक्षक डॉ. प्रियंका रघुवंशी ने कहा कि हर इंसान को जीवन में एक बार खिलाड़ी होना ही चाहिए। इससे खिलाड़ी अपने कष्टों को छोड़ अपने लक्ष्य ही केंद्रित रहता है। खिलाड़ी हमेशा अनुशासन में रहता है और परिश्रम व समय का महत्त्व समझता है। खेलकूद प्रतियोगिता में कबड्डी के फाइनल मैच में भिनाय ब्लॉक की टीम विजेता और मसूदा ब्लॉक उप विजेता रही। बालिकाओं की 100 मीटर दौड़ में अजयसर गांव की नाजिया चीता ने प्रथम वे सोनू रावत द्वितीय पुरुस्कार प्राप्त किया। इन्हें अतिथियों व जिला स्तरीय युवा कार्यक्रम सलाकार समिति के सदस्य दीपक शर्मा एवं दैनिक भास्कर के यूनिट हेड प्रशांत कुकरेती, एयू बैंक के शाखा प्रबंधक अंकुर माथुर ने पुरस्कृत किया। जिला युवा अधिकारी शरद त्रिपाठी ने उद्बोधन में कहा कि नेहरु युवा केंद्र अजमेर ग्रामीण युवाओं की शारीरिक, मानसिक व आत्मिक उन्नति लिए प्रयासरत है।
कार्यक्रम में सीबीएसई पटना के सहायक सचिव अनिल जैन, पृथ्वीराज फाउंडेशन के राजेश कश्यप, अनिता भार्गव, कमलेश पुरोहित, संजय सेठी, ऋषि राज सिंह, घनश्याम जांगिड़, गोपालवंश शर्मा आदि उपस्थित रहे। प्रतियोगिताएं खेल अधिकारी ओमप्रकाश बारिया के निर्देशन में संपन्न हुई। सांवरलाल चौधरी, निकिता, धर्मवीर सहित कई राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने उत्साह से सेवाएं दी।