बीजासन माता के फूल बंगले की लॉटरी 15 को
अजमेर | कायस्थ मोहल्ला पुरानी मंडी स्थित प्राचीन श्री बीजासन माता के थान पर चैत्र मास की पड़वा से भक्तों द्वारा फूल बंगले भेंट किए जाते हैं। इस वर्ष यह फूल बंगले 25 मार्च सेे भेंट किए जाएंगे। संस्था के प्रवक्ता सुनील माथुर (नमो) ने बताया कि फूल बंगले के लिए आवेदन 13 मार्च काे शाम 5 बजे तक भरे जा सकते हैं। इस वर्ष जमा 90 आवेदन पत्रों में से 13 संयुक्त फूल बंगले के लिए 26 आवेदकों की लॉटरी 15 मार्च को शाम 4 बजे नीम चबूतरे स्थित माताजी के चाैक में निर्णायक मंडल की मौजूदगी में निकाली जाएगी। पंचमी को पंचायती फूल बंगला कमेटी एंव जन सहयोग से भेंट किया जाएगा।
संयुक्त सचिव पूर्व पार्षद विष्णु प्रसाद माथुर ने बताया कि सभी जाति, धर्मों के भक्तों द्वारा अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर माताजी के फूल बंगला भेंट किया जाता है, जिसमें 200 किलो विभिन्न प्रकार के फूलों की मालाओं से प्रतिदिन फूल बंगला सजाया जाता है।