किडनी व मूत्र रोग परामर्श शिविर में कई लाभान्वित
विश्व किडनी दिवस के अवसर पर मित्तल हाॅस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में गुरुवार को आयोजित किडनी व मूत्र रोग निशुल्क परामर्श शिविर में रोगियों की जांच कर परामर्श देते हुए डॉक्टर्स।
अजमेर| विश्व किडनी दिवस पर मित्तल हाॅस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में गुरुवार को आयोजित किडनी व मूत्र रोग निशुल्क परामर्श शिविर में कई रोगी लाभान्वित हुए।
शिविर में किडनी रोग विशेषज्ञ डाॅ. रणवीरसिंह चौधरी तथा पथरी, प्रोस्टेट एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. संतोष कुमार धाकड़ ने रोगियों को परामर्श दिया। डाॅ. चौधरी ने बताया कि मधुमेह व रक्तचाप से पीड़ित, शरीर पर सूजन, पेशाब में खून व प्रोटीन निकलने की बीमारी, किडनी व मूत्र संक्रमण संबंधी समस्याओं से ग्रसित, डायलिसिस पर चल रहे रोगी शिविर को लाभ लेने पहुंचे। पथरी प्रोस्टेट व मूत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. संतोष कुमार धाकड़ ने बताया कि शिविर का उम्र दराज लोगों ने लाभ उठाया।
किडनी, मूत्रनली, पेशाब की नली की पथरी, प्रोस्टेट ग्रंथी का बढ़ना, दिन व रात को बार बार पेशाब लगना, पेशाब नली में रुकावट, किडनी, प्रौस्टेट, पेशाब की नली का कैंसर, खांसी व छींक के साथ पेशाब का निकलना आदि से संबंधी रोगी शिविर में निशुल्क परामर्श लेने पहुंचे। शिविर के दौरान रोगियों की यूरोफ्लोमिट्री जांच निशुल्क की गई। निदेशक मनोज मित्तल ने बताया कि विश्व किडनी दिवस के अवसर रियायती दरों पर नेफ्रोलाॅजी हेल्थ पैकेज व यूरोलाॅजी हेल्थ पैकेज़ जारी किए गए हैं जो 12 से 18 मार्च तक उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि शिविर में पंजीकृत रोगियों को निर्देशित जांचों पर 25 तथा आॅपरेशन पर 10 प्रतिशत की रियायत अगले 7 दिवस तक दी गई है।
किडनी रोग विशेषज्ञ डाॅ. रणवीर सिंह चौधरी ने कहा कि जनजागरूकता अभियान किडनी रोगी होने से लोगों को बचा सकता है। डाॅ रणवीर ने कहा कि प्रतिदिन व्यायाम करें, बीपी व ब्लड शुगर नियंत्रण में रखें व नियमित जांच कराते रहंे। मित्तल हाॅस्पिटल के पथरी, प्रोस्टेट व मूत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ संतोष कुमार घाकड़ ने कहा कि पथरी व प्रोस्टेट से भी किडनी पर प्रभाव पड़ता है। डाॅ. धाकड़ ने कहा कि रोगी को जैसे ही रोग का होने का पहली बार अहसास हो उसे सही चिकित्सक से मिलकर परामर्श लेनी चाहिए। उन्होंने रोग बचाव के लिए उपयोगी परामर्श दिया।