बीकाॅम फाइनल के पेपर में गलती, बाेनस अंक की मांग
अजमेर | महर्षि दयानंद सरस्वती यूनिवर्सिटी के बीकाॅम तृतीय वर्ष के प्रश्न पत्र में गलती पर परीक्षार्थियाें ने बाेनस अंक देने की मांग की है। बीकाॅम की परीक्षा गुरूवार से ही प्रारंभ हुई है, बैंकिंग एंड फाइनेंशियल मैनेजमेंट के प्राेजेक्ट प्लानिंग एंड बजटरी कंट्राेल विषय के प्रश्नपत्र में 18वें नंबर के प्रश्न में गड़बड़ी थी। इस प्रश्न के अंग्रेजी आैर हिंदी वर्जन में एक अंक अलग-अलग यानी अंग्रेजी में 40 लाख ताे हिंदी में चार लाख मुद्रित हाे गया था। इसे लेकर विद्यार्थियाें ने विराेध दर्ज कराया, वीक्षक काे इससे अवगत कराया। लेकिन काेई समाधान नहीं हुआ ताे सम्राट पृथ्वीराज चाैहान राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. एमएल अग्रवाल काे यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक के नाम लिखित शिकायत साैंपी है।
विद्यार्थियाें की मांग - बाेनस अंक दें या फिर परीक्षा वापस करवाएं | विद्यार्थियाें ने परीक्षा नियंत्रक से बाेनस अंक देने या फिर परीक्षा दुबारा आयाेजित करवाने की मांग की है। वहीं अभिभावकाें ने भी प्राचार्य से मुलाकात कर उचित समाधान की मांग की है। इधर, यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. सुब्राेताे दत्ता का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की काेई ग्रीवेंस नहीं मिली है। यह जानकारी में आया कि 40 लाख आैर 4 लाख प्रिंट हुआ है, इसे लेकर विद्यार्थियाें काे गफलत हुई है। यदि काेई विद्यार्थी लिखित शिकायत पेश करता है ताे मामला ग्रीवेंस कमेटी में रखा जाएगा। ग्रीवेंस कमेटी जांच करेगी, यदि गलती हुई है ताे विद्यार्थी हित में निर्णय हाेगा।
परीक्षा के बाद जुटे विद्यार्थी-अभिभावक, प्राचार्य काे साैंपी शिकायत | सम्राट पृथ्वीराज चाैहान राजकीय महाविद्यालय में तृतीय वर्ष का पेपर छूटने के बाद ब्रिजेश गोयल के नेतृत्व विद्यार्थी आैर अभिभावक एकत्रित हाेकर प्राचार्य के पास पहुंचे। वहां परीक्षा नियंत्रक के नाम लिखित शिकायत दी गई। इस दाैरान सागर मीणा, रमेश लालवानी, सुमित तंवर, सौरभ शर्मा, धीरज दोलिया, कपिल शर्मा, राकेश सैन, जय पिंजलानी, जतिन गोयल, नितेश कुमार, सतीश कुमार, गौरव, टीना, भारती, पिंकी, चितवन सहित अन्य विद्यार्थी आैर अभिभावक माैजूद थे।