ढाई हजार से ज्यादा पर्यटक पुष्कर पहुंचे, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
तीर्थ नगरी में कोरोना वायरस की दहशत के बीच देशी-विदेशी पर्यटक परंपरागत व सादगी से होली खेलेंगे। ढाई हजार से अधिक विदेशी पर्यटक पुष्कर पहुंच गए हैं। विदेशी पर्यटकों के साथ होली खेलने को लेकर देशी पर्यटकों में भी उत्साह है।
राजस्थान समेत अन्य पड़ोसी प्रदेशों से युवक-युवतियां पुष्कर में डेरा डाल रहे हैं। कई लोग तो परिवार सहित पहुंच रहे हैं। उधर कोरोना के बढ़ते प्रकोप के पुष्कर पुष्कर में होली खेलने के लिये देशी-विदेशी सैलानियों की की बढ़ती संख्या को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। प्रशासन के प्रयास हैं कि होली खेलने के लिए किसी एक जगह अत्यधिक भीड़ जमा नहीं हो। प्रशासन ने किसी भी आयोजक को डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी है। प्रशासन ने नगर वासियों से विदेशी मेहमानों के साथ होली नहीं खेलने की अपील की है।
पुलिस करेगी कड़े बंदोबस्त | होली के मौके पर पुलिस अगले दो दिन शहर में सुरक्षा, कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिये कड़े बंदोबस्त करेगी। डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि होली उत्सव को लेकर रूट मार्च किया है तथा सुरक्षा समेत सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।
स्क्रीनिंग कराने के बाद ही पर्यटकों को ठहराने की हिदायत
रविवार को उपखंड अधिकारी देविका तोमर के नेतृत्व पुलिस व प्रशासन ने संयुक्त रूप से ब्रह्मा मंदिर से वराह घाट चौक होते हुये इजरायलियों के बहुचर्चित धर्म स्थल खबाद हाउस तक फ्लैग मार्च किया। इस दौरान होटलों का निरीक्षण कर होटलों में ठहरे विदेशी पर्यटकों की ट्रेवल हिस्ट्री जानी। होटल संचालकों को कोरोना वायरस से बचाव के लिये जागरूक किया। एसडीएम ने सभी होटल संचालकों से स्क्रीनिंग कराने के बाद ही पर्यटकों को ठहराने तथा होटल में लंबे समय तक रुकने वाले पर्यटकों की नियमित तीन से चार दिन अंतराल से स्क्रीनिंग कराने की हिदायत दी।
होली महोत्सव को लेकर पुलिस के साथ पैदल मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है। होटल संचालकों को कोरोना वायरस से बचाव के लिये सावधानी बरतने के लिये कहा गया है। लोग शांतिपूर्वक परंपरागत रूप से होली मनाएं, कोरोना वायरस के संक्रमण नहीं फैले इसके लिये एहतिहाती कदम उठाए जाएंगे।
-देविका तोमर,
एसडीअाे, पुष्कर
पुष्कर. तीर्थनगरी में होली खेलने आए विदेशी पर्यटकों का जयपुर घाट पर लगा जमघट।