सरकारी स्कूल के बच्चों को शिक्षकों ने ही कराई नकल
शिक्षा निदेशालय और मसूदा डाइट की ओर से करवाई जा रही आठवीं बोर्ड परीक्षा के पहले ही परचे में सरकारी शिक्षकों ने अपने विद्यार्थियों को खुलकर नकल करवा दी है। मामला सुंदर विलास स्थित राजकीय मॉडल बालिका सीनियर सेकंडरी विद्यालय का है। यहां पर परीक्षा दे रही एक अन्य स्कूल द्रौपदी देवी सांवरमल सीनियर सेकंडरी विद्यालय की परीक्षार्थी छात्राओं ने खुलकर आरोप लगाए है। ऐसे में प्रदेश स्तर पर समान प्रश्न पत्रों से हो रही बोर्ड परीक्षा विवादों में आ गई है।
गुरुवार को आठवीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हुई थी और अंग्रेजी का पहला पेपर दोपहर 2 से शाम 4.30 बजे तक हुआ। द्रौपदी देवी सांवरमल बालिका विद्यालय की छात्राओं ने कथित तौर पर आरोप लगाए कि इस दौरान परीक्षा ले रही स्कूल की 4-5 शिक्षिकाओं सहित एक बीएड टीचर ने अपनी स्कूल के परीक्षार्थियों को नकल करवाई। पेपर के सवाल नंबर 24 लेटर एवं एप्लीकेशन एवं सवाल नंबर 25 में माई फैमिली के अंग्रेजी निबंध और हंगरी फोक्स की कहानी को पेपर पर लिखा हुआ था, जिन्हें बारी-बारी से स्कूल के बच्चों को देकर उतारने को दिया गया। कुछ कमरों में तो शिक्षिकाओं ने सभी परीक्षार्थियों से कह दिया कि जिन्हें कुछ नहीं आए, वे आपस में ही पूछ लें। सवाल नंबर 24 एवं 25 दस-दस नंबर के थे। पूरा पेपर 80 नंबर का है, 20 नंबर में से स्कूलों की ओर से सत्रांक भेजे गए हैं। ऐसे में मॉडल स्कूल के परीक्षार्थियों के सत्रांक भी शक के दायरे में आ गए हैं। यह मामला दबाने के लिए मॉडल स्कूल प्रबंधन भी हरकत में अा गया।
इस सेंटर पर 174 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा, इसमें मॉडल स्कूल के 24 परीक्षार्थी
मसूदा डाइट में हुए परीक्षा पंजीकरण के तहत मॉडल स्कूल में 174 परीक्षार्थी आठवीं बोर्ड की परीक्षा दे रहे हैं। इनमें से मॉडल स्कूल के 24 हैं। गुजराती स्कूल के 68, प्रताप पब्लिक स्कूल के 09, द्रौपदी देवी सांवरमल विद्यालय के 58, कचहरी रोड स्कूल के 11 परीक्षार्थी शामिल हैं। जिले में यह परीक्षा 396 परीक्षा केंद्रों पर हो रही है। करीब 40 हजार परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
डरी-सहमी बालिकाओं ने
आखिर तोड़ी चुप्पी
परीक्षा देते समय शिक्षकों से डरी सहमी बालिकाओं ने देर शाम अभिभावकों के सामने चुप्पी तोड़ी। अभिभावक शुक्रवार सुबह द्रौपदी देवी स्कूल पहुंचे। जानकारी मिलने पर भास्कर भी यहां पहुंचा और बालिकाओं से बात की। बालिकाएं रो पड़ी और खुद से साथ परीक्षा में हो रही बेईमानी के कथित आरोप लगाने लगी। कई अभिभावकों ने स्कूल में फोन कर एतराज भी जताया। संस्था प्रधान रंजना अग्रवाल के सामने 16 बालिकाओं ने सामूहिक रूप से आरोप लगाए। छात्राआें के आरोपों की क्लिपिंग भास्कर के पास मौजूद है। छात्राओं ने यह भी बताया कि यदि वे परीक्षा देते समय विरोध करती तो उनके पेपर का टाइम निकल जाता, वे फेल हो जाती।
यह बोले जिम्मेदार....
शिक्षा निदेशालय के आदेशों के तहत ही परीक्षा केंद्र बनाए। 4 किमी के दायरे में सेंटर होना चाहिए था। बड़े सरकारी स्कूल के परीक्षार्थियों का सेंटर उन्हीं स्कूलों में दिया गया है।
-रंजू पारीक,
परीक्षा संयोजक एवं प्रिंसीपल मसूदा डाइट
शिक्षकों ने अपने ही परीक्षार्थियों को नकल करवा दी? गंभीर मामला है, महकमे की साख का भी सवाल है। जांच करवाने के साथ-साथ उस सेंटर के सभी परीक्षार्थियों की कॉपियों को सीज कर अलग से जांचा जाएगा, ताकि आरोपों की पुष्टि हो सके।
-पदमा सक्सेना,
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी
कई परीक्षार्थी रोल नंबर नहीं लिख पा रहे थे, इसलिए कुछ शिक्षक एवं बीएड टीचर उनकी मदद कर रहे थे। इससे ज्यादा मुझे कुछ मालूम नहीं।
-वीनू मेहरा,
केंद्र अधीक्षक एवं संस्था प्रधान मॉडल बालिका स्कूल
शिक्षकों ने फिर दोहराया
नकल का इतिहास
करीब 12 साल पहले आठवीं बोर्ड परीक्षा में ही डिग्गी बाजार के एक सरकारी सिंधी उ.प्रा.विद्यालय के शिक्षकों ने सिंधी भाषायी पेपर तैयार किए थे, इन शिक्षकों ने ही यह पेपर ब्लैक बोर्ड ने हल करवा दिए थे। इस मामले का खुलासा भी दैनिक भास्कर ने किया था और उस मामले में 6 शिक्षकों को निलंबित किया गया था। अब फिर परीक्षा करवा रहे शिक्षा महकमे के शिक्षक शक के दायरे में हैं।
अाज है हिंदी का पेपर, क्या वही शिक्षक लेंगे परीक्षा?
इस गंभीर मामले में शिक्षा महकमे के जिम्मेदार अफसरों ने शुक्रवार शाम तक कोई एक्शन नहीं लिया। अलबत्ता मामले को दबाने जैसी बातें करते रहे। अब आठवीं बोर्ड का शनिवार को हिंदी का पेपर है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या यह पेपर भी शक के दायरे से घिरे शिक्षक ही लेंगे? या महकमा इन शिक्षकों को चिह्नित कर परीक्षा ड्यूटी से दूर करेगा?
आठवीं बोर्ड परीक्षा के अंग्रेजी के पेपर में राजकीय मॉडल बालिका विद्यालय में सामूहिक नकल का आरोप लगाने वाली द्रौपदी देवी सांवरमल विद्यालय की बालिकाएं।
{सीडीईओ बाेलीं... मामला गंभीर, संबंधित केंद्र के सभी परीक्षार्थियाें की काॅपियां सीज कर अलग जांची जाएगी