- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Ajmer
- Ajmer News Rajasthan News The Water Supply Department Which Is Struggling With Contingency Plan Every Year Is Now Relaxed
हर साल कंटीजेंसी प्लान की मशक्कत से जूझ रहा जलदाय महकमा अब सुकून में
मार्च महीना अाने के साथ ही कंटीजेंसी प्लान के लिए मशक्कत करने वाला जलदाय महकमा इस बार सुकून में है। कारण है इस बार मार्च में बीसलपुर बांध में गुजरे 15 सालों में सबसे ऊंचा जल स्तर 314.23 मीटर है।
पिछले साल ताे अकाल जैसे हालात उत्पन्न हाे गए थे, ऐसे में महकमे ने मार्च से ही कंटीजेंसी प्लान बनाने की शुरुआत कर दी थी। महकमे ने 322.90 करोड़ का कंटीजेंसी प्लान बनाया था। इसमें भीलवाड़ा से रोजाना दो ट्रेनें मंगवाने, ट्यूबवैल खोदने सहित अन्य कई तरह के काम करने थे। हालांकि अंत में आई बंपर बारिश के बाद यह प्लान कागजों में ही रह गए। यहां तक की इस वर्ष भी बांध में इतना पानी है कि डेढ़ साल से ज्यादा समय तक अजमेर, जयपुर और टोंक पानी की प्यास बुझा सके। हालांकि गर्मियों में बांध से पानी की खपत रोजाना 2 सेमी तक पहुंच गई थी। मगर बताया जा रहा है कि 15 मार्च को बांध से नहर के जरिए दिए जाने वाले सिंचाई के पानी को भी रोक दिया जाएगा। इससे बांध की खपत रोजाना 2 से 1 सेमी आने की संभावना है।
इससे पहले 2007 और 2017 में रहा मार्च में सर्वाधिक जल स्तर
मार्च 2020 से पहले मार्च महीने में बांध का सबसे ज्यादा जल स्तर 2007 में 313.11 तथा 2017 में 313.11 मीटर रह चुका है। जबकि सबसे कम जल स्तर 2011 में 207.41 और 2019 में 308.16 मीटर रह चुका है।
63 दिन गेट खोलकर बहाना पड़ा था 93.20 टीमएसी पानी
सन 2019 में पहला मौका था जिसमें 44 दिन खोलकर बांध से 93.20 टीएमसी पानी बहाया गया था। बांध की भराव क्षमता से करीब का करीब 2.42 गुना पानी बांध से बहाया गया था। गेट 19 अगस्त 2019 को खोलकर 21 अक्टूबर 2019 को बंद किए गए थे।
पांच महीने में गिरा महज 1.27 मीटर जल स्तर | बीसलपुर बांध के गेट 21 अक्टूबर 2019 को गेट बंद किए गए थे। जब जल स्तर 315.50 मीटर था, बांध में लंबे समय तक 315 मीटर पर स्थिर रहा। गुजरे पांच महीने में बांध का जल स्तर 1.27 मीटर ही नीचे आया है। यह स्थिति भी पहली बार ही हुई है।
इनका कहना है
पिछले वर्ष जल संकट के कारण कंटिजेंसी प्लान बनाया था। इस बार बांध में पानी है। इसलिए कोई बड़ा प्लान तो फिलहाल नहीं है। मगर जिन इलाकों में पाइप लाइन से पानी नहीं जाता, वहां पर टेंकर से पानी भेजने का प्लान बनाया जाएगा।
-सीएल जाटव, एसई, जलदाय विभाग
बांध की स्थिति
वर्ष जल स्तर
2006 311.22
2007 313.11
2008 309.43
2009 308.57
2010 308.73
2011 307.41
2012 311.84
2013 311.47
2014 313.22
2015 313.20
2016 311.86
2017 313.46
2018 311.34
2019 308.16
2020 314.23