सजावटी हथियारों की दो दुकानें धधकी, लाखाें का नुकसान
पुष्कर | ब्रह्मा मंदिर के पास स्थित सजावटी हथियारों की दो अस्थायी दुकानों में मंगलवार की जल्द सुबह अचानक आग लग गई। जिससे करीब तीन लाख रुपए का सामान जल कर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5 बजे ब्रह्मा मंदिर मार्ग स्थित राजपूत समाज के जयमल कोट के पास स्थित सजावटी हथियार विक्रेता नरेंद्र व रामसिंह की दो टीन शेड युक्त कच्ची दुकानों में अज्ञात परिस्थितियों के बीच आग लग गई। पहले एक दुकान में आग लगी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पड़ोस की दुकान को भी अपनी आगोश में समा लिया। क्षेत्रवासियों की इत्तला पर दुकानदार मौके पर पहुंचे तथा दमकल को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने बड़ी मशक्कत से आग को काबू में किया। इससे पहले दोनों दुकानें जलकर स्वाह हो गई तथा दुकान में रखे सजावटी हथियार सहित अन्य सामान राख हो गए।
दुकानदारों के अनुसार आगजनी में करीब तीन लाख रूपये का नुकसान हुआ है। खास बात यह है कि हथियार विक्रेताओं ने पालिका की जमीन पर अतिक्रमण कर अस्थायी दुकानें बना रखी थी।