ध्वजारोहण के साथ होगा शुभारंभ
सिंधी समाज के इष्टदेव श्री झूलेलाल के अवतरण दिवस चेटीचंड के अवसर पर पूज्य लाल साहब मंदिर सेवा ट्रस्ट देहली गेट अजमेर के तत्वावधान में तीन दिवसीय महोत्सव 24 से 26 मार्च तक मनाया जाएगा।
ट्रस्ट महासचिव व चेटीचंड मेला कमेटी के संयोजक जयकिशन पारवानी ने बताया कि ट्रस्ट के प्रधान ट्रस्टी प्रभु लौंगानी के सान्निध्य में तीन दिवसीय मेला संचालन के लिए बैठक झूलेलाल धाम परिसर में अायाेजित की गई। बैठक में शहर के धार्मिक, व्यापारिक, सामाजिक, संस्थाओं के प्रतिनिधि में शामिल हुए। ट्रस्ट के संरक्षक दौलतराम पमनानी ने बताया चेटीचंड महोत्सव का शुभारंभ 24 मार्च को सुबह 10.30 बजे शहनाई व ढोल के साथ श्रद्धालुओं व गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण के साथ होगा।
मेला कमेटी के अध्यक्ष हरीश हिंगोरानी के अनुसार शाम 3 बजे झूलेलाल धाम युवा संगठन द्वारा वाहन रैली झूलेलाल धाम से निकाली जाएगी, जो दिल्ली गेट, ऋषि घाटी, फाॅयसागर रोड, बीके कौल नगर होते हुए माधव नगर, साधु पुरसनाराम दरबार, आनंदपुर दरबार, झूलेलाल मंदिर से होते हुए जनता कॉलोनी स्थित भोलेश्वर मंदिर पर पहुंचेगी।
शोभायात्रा में शामिल होंगी 60 झांकियां
ट्रस्ट के अध्यक्ष हेमनदास छबलानी के अनुसार 25 मार्च को सुबह 6:30 बजे भजन भाव, आरती की जाएगी। 10 बजे बहिराणा साहब का भजन भाव, दोपहर 1 बजे पूज्य बहिराणा साहिब की स्थापना करके भजन कीर्तन छेज के बाद दोपहर एक बजे ज्योत प्रज्वलित कर आरती हाेगी। झूलेलाल साहब की नगर परिक्रमा के साथ शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में धार्मिक शिक्षाप्रद सामाजिक प्रेरणा देने वाली लगभग 60 मनमोहक झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा का शुभारंभ संत-महात्मा व शहर के गणमान्य अतिथि करेंगे। ट्रस्ट के प्रचार सचिव शंकर बदलानी ने बताया कि शोभायात्रा समापन के बाद पूज्य लाल साहिब की प्रज्वलित ज्योति की आरती कर झूलेलाल धाम परिसर स्थित बालम्भो साहिब कुआं पर पहुंचेगी। प्रचार कमेटी के प्रमुख विजयकुमार हंसराजानी के अनुसार 26 मार्च गुरुवार को दोपहर 1 से 3 बजे तक आम भंडारा रात्रि 8 बजे से 12 बजे तक भजन संध्या विश्व प्रसिद्ध सिंधी कलाकार परमानंद प्यासी द्वारा होगी। इसके बाद पल्लव (अरदास) के साथ तीन दिवसीय मेले का समापन होगा।