अलवर | राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में बुधवार देर रात अचेत अवस्था में भर्ती कराए गए 40 वर्षीय बच्चू सिंह बावरिया की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को मृतक बच्चू सिंह पुत्र मोहर सिंह बावरिया निवासी कर्ण की खरैली थाना सोहना जिला गुड़गांव के शव का पोस्टमार्टम करवाया है। एनईबी थानाधिकारी देवेंद्र प्रताप ने बताया कि गीता देवी बावरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका पति बच्चू सिंह 31 जनवरी को उसके पीहर अलवर के 60 फुट राम नगर आया हुआ था। यहां उसने अधिक शराब पी ली। इससे उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।