भारत की जेलों में बंद 8 पाकिस्तानियों को वापस भेजा गया
भारत की जेलों में बंद आठ पाकिस्तानी नागरिकों को शनिवार को वापस भेज दिया गया। पाकिस्तान उच्चायोग ने यह जानकारी दी। आयोग के बयान के मुताबिक पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी की उपस्थिति में अटारी-वाघा सीमा पर उन्हें पाकिस्तानी अधिकारियों को सौंप दिया गया। बयान में कहा गया है कि अब्दुल रशीद, महमूद अहमद, सईद जावेद इकबाल, गुलाम अकबर, इरफान उल्लाह, फिरोज अलवरदीन, जावेद असलम और जहूर अहमद को वापस भेजा गया है। भारत और पाकिस्तान 21 मई 2008 के समझौते के मुताबिक अपनी जेलों में बंद एक-दूसरे के नागरिकों को रिहा करते रहते हैं।