- Hindi News
- National
- Alwar News Rajasthan News Matsya University Main Examination Of Graduate Classes Starts Today
मत्स्य विवि : स्नातक कक्षाओं की मुख्य परीक्षा आज से शुरू
मत्स्य विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं के सभी विषयों की मुख्य परीक्षा 12 मार्च से जिले के 56 परीक्षा केन्द्रों पर शुरू हाेगी। 18 मई तक चलने वाली परीक्षा में कुल 50 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। लगभग सवा दो माह चलने वाली परीक्षा तीन पारियों में सुबह 7 से 10 बजे, सुबह 11 से दोपहर 2 बजे और दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगी। बुधवार तक विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित किए गए। एक दिन पहले विश्वविद्यालय में ऐसे विद्यार्थियाें की भीड़ रही, जिनके प्रवेश पत्र किसी कारणवश परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी नहीं किए गए। विवि प्रशासन ने ऐसे सभी विद्यार्थियों से 150 रुपए का शुल्क वसूल कर खुद के स्तर पर प्रवेश पत्र बनाकर वितरित किए। प्रवेश पत्र के लिए शुल्क लेने पर विद्यार्थियों ने विवि प्रशासन के समक्ष अपना विरोध भी दर्ज कराया। कार्यवाहक कुलसचिव रोहिताश्व यादव ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र भिजवा दिए हैं। औचक निरीक्षण और नकल आदि को रोकने के लिए चार फ्लाइंग टीमों का गठन कर आॅब्जर्वर नियुक्त किए हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को केवल ऐसे विद्यार्थियों को प्रवेश पत्रों का वितरण किया गया, जिन्होंने अपनी हार्ड कॉपी संबंधित कॉलेज में जमा नहीं करवाई थी। इसके अलावा जिन कॉलेज को विवि ने परीक्षा में शामिल करने के लिए हाल ही में अनुमति प्रदान की है, उनके विद्यार्थियों को भी शुल्क लेकर प्रवेश पत्र जारी किए गए।
बुधवार को विश्वविद्यालय में प्रवेश पत्र लेने पहुंचे विद्यार्थियों की कतार।