एसडीएम ने ज्यूस पिला तुड़वाया अनशन
कठूमर. पीड़ित युवक के साथ धरने पर बैठे ग्रामीण।
कठूमर। पुलिस द्वारा करीब चार माह पहले की गई मारपीट के विरोध में उपखंड कार्यालय के बाहर पिछले तीन दिन से अनशन पर बैठे ऊदल सिंह पुत्र अमर सिंह चौधरी निवासी बडका को एसडीएम अनिल सिंघल ने जूस पिला कर अनशन समाप्त कराया। युवक ने अनशन तो समाप्त कर दिया, लेकिन धरना जारी रखा। एसडीएम के निर्देश पर अनशनकारी युवक का मेडिकल कराया गया। इस मौके पर एसडीएम ने पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मणगढ़ से बात कर अनशनकारी युवक को इस प्रकरण में उचित कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया। वही अनशनकारी युवक ऊदल सिंह ने एसडीएम को सौंपी पत्रावली में मारपीट व 17 घंटे अवैध रूप से बंद रखने वाले सीआई सहित पुलिसकर्मियों का शीघ्र स्थानांतरण करने की मांग की है। इस मौके पर तहसीलदार भोलाराम, पूर्व जिला पार्षद मंजू चौधरी, अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्ष ओमवीर सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
वहीं थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि थाने पर उत्पात करने पर ऊदल सिंह को 4 नवंबर और 26 दिसबंर को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वही ऊदल सिंह की शिकायत पर डीएसपी लक्ष्मणगढ़ व आईजी कार्यालय से जांच की जा चुकी है, जो गलत पाई गई।