- Hindi News
- National
- Alwar News Rajasthan News The Girl Went To Her Friend39s House Without Telling Her The Warden Rebuked Her Jumped From The Roof
बिना बताए सहेली के घर गई छात्रा, लौटी तो वार्डन ने डांटा, छत से कूदी
शनिवार दोपहर करीब 2.30 बजे जीडी कॉलेज के छात्रावास की छत से 17 वर्षीय छात्रा खुशबू ने छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। खुशबू इसी कॉलेज में बीए सेकंड ईयर में पढ़ती है। पुलिस को दिए लिखित बयान में खुशबू ने कहा कि मैंने वार्डन की डांट के बाद गुस्से में यह कदम उठाया। उधर, सहायक वार्डन का कहना है कि वह हॉस्टल में बिना बताए सहेली के घर में रातभर रुकी। हॉस्टल से गायब होने के बारे में पूछा तो वह बेहोश हो गई। बाद में वह छात्रावास की छत से कूद गई। प्रााचार्य आरजी मीणा का कहना है कि कमेटी गठित कर घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा, जो दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी। खुशबू के मुंह, जबड़े, सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चाेटें आई हैं। पहले उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से सामान्य अस्पताल ले जाया गया। शाम को फिर से उसे एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत नाजुक बताई गई है। कोतवाली थानाधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि खुशबू ने लिखित बयान दर्ज कराए हैं। जांच की जा रही है।
मेरे सामने सहायक वार्डन ने खुशबू को डांटा, मेरे साथ भी हाथापाई की
शुक्रवार रात करीब 8 बजे खुशबू मेरे कमरे पर अाई थी। उसकी तबीयत खराब थी। खुशबू ने अपनी मां से मोबाइल पर वीडियो कॉलिंग से मेरी बात कराई। पूरी रात खुशबू ने मेरे कमरे में आराम किया। दोपहर करीब 2.30 बजे मैं खुशबू को छोड़ने छात्रावास गई। वहां सहायक वार्डन ने खुशबू को डांटा और पूछा कि तुम रातभर कहां थी। खुशबू जवाब देने लगी तो सहायक वार्डन ने उसकी कोई बात नहीं सुनी और उसे गाली गलौच कर धमकाया। सहायक वार्डन ने मेरे साथ भी हाथापाई की। मेरे गाल पर कई थप्पड़ मारे। इसके बाद मैं शिकायत करने प्राचार्य के पास चली गई। इसी दौरान खुशबू ने छात्रावास की छत से छलांग लगा दी।
(जैसा खुशबू की सहेली वर्षा जाटव ने बताया। वर्षा भरतपुर जिले के नदबई कस्बे की निवासी है। वर्तमान में वह अलवर के धोबी घट्टा क्षेत्र में रहती है)
जब यह घटना हुई, तब हॉस्टल वार्डन अंजूबाला मेरे कक्ष में बैठी थीं। उसी समय सहायक वार्डन सरोज यादव ने खुशबू के छात्रावास की छत से छलांग लगाने की सूचना वार्डन को दी। हम मौके पर पहुंचे तो वार्डन भी बेहोश हो गई। मैंने सहायक वार्डन व हॉस्टल की छात्राओं से घटना की जानकारी ली। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा। यदि जांच में वार्डन व सहायक वार्डन दोषी पाई तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- आरजी मीणा, प्राचार्य जीडी काॅलेज
खूशबू ने कहा- मैंने कोई गलत काम नहीं किया, मुझे हॉस्टल से निकालने की धमकी दी
भिवाड़ी के आलूपुर गांव की निवासी खुशबू पुत्री रामानंद हरिजन ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि शुक्रवार रात को मेरी तबीयत खराब हो गई थी। मैं अपनी सहेली वर्षा के साथ थी। मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। मैं मम्मी-पापा से बहुत प्यार करती हूं। वार्डन ने मेरी मां को बहुत गलत बोला और मेरी बात भी नहीं सुनी। मुझे हॉस्टल से निकालने की धमकी दी। रमन मेरा दोस्त है। प्लीज हेल्प मी...। मेरी मां बहुत अच्छी और भोली है। मैं आईएएस बनना चाहती हूं। रमन अलवर का है, चाहे तो उसे बुला लो।
मेरा खुशबू से व्यक्तिगत विवाद नहीं है। वह बिना एंट्री किए हॉस्टल से चल गई थी। मैंने शुक्रवार रात को इस संबंध में छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी थी। वह अपनी सहेली के साथ शनिवार को हॉस्टल पहुंची थी। मैंने उससे बिना बताए हॉस्टल से गायब होने के बारे में पूछा तो वह बेहोश हो गई। उसकी सहेली ने मेरे साथ अभद्र व्यवहार किया। हमने खुशबू को उसके रूम में भेज दिया। इसके 15 मिनट बाद वह छात्रावास की छत से कूद गई। - सरोज यादव, सहायक वार्डन
छात्रा खुशबू द्वारा पुलिस को दिए लिखित बयान की कॉपी।
अलवर. घायल छात्रा खुशबू से बयान लिखवाते पुलिसकर्मी।