- Hindi News
- National
- Balotra News Rajasthan News 15 Km Road From Kudi To Ramsin Moongra Damaged Fear Of Accidents From Pits
कुड़ी से रामसीन मूंगड़ा तक 15 किमी सड़क क्षतिग्रस्त, गड्ढों से हादसे का डर
ग्राम पंचायत कुड़ी से बालोतरा को जोड़ने वाली मुख्य संपर्क सड़क कुड़ी से रामसीन मूंगड़ा के बीच पूरी तरह से बिखर चुकी है। इस सड़क के लंबे समय से पुनर्निर्माण की मांग की जा रही है लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इस सड़क मार्ग से कुड़ी सहित भांडियावास, हेमपुरा, रामसीन मुंगड़ा बालोतरा आदि ग्रामीणों का आना जाना लगा रहता है। विश्व विख्यात राणी भटियाणी मंदिर जसोल व बिठूजाधाम दर्शनार्थ के लिए पौष पूर्णिमा और चैत्र नवरात्र के दिन काफी श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है। ऐसे में सड़क खस्ताहाल होने से श्रद्धालुओं के साथ वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का बालोतरा के हॉस्पिटल, बैंक, पुलिस स्टेशन, पंचायत समिति सहित विभिन्न कार्यालयों में काम पड़ता रहता है और यही मार्ग सबसे छोटा व सुगम है। कुड़ी से रामसीन मूंगड़ा के बीच करीब 15 किलोमीटर लंबी यह डामर सड़क साल भर पूर्व ही पूरी तरह से बिखर चुकी थी। भांडियावास सरपंच सुमन कंवर ने बताया कि कुड़ी से रामसीन मुंगड़ा की बीच में क्षतिग्रस्त सड़क होने के कारण जगह-जगह गड्ढाें बन गए है। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाता है। इस कारण दुर्घटना होने की संभावना रहती है। ।
सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। राहगीरों व वाहनचालकों को परेशानी का झेलनी पड़ रही है।
- राकेश चापाणी, ग्रामवासी कुड़ी
तीन माह पहले किया गया पेचवर्क उखड़ा
मोकलसर स्टेशन. क्षतिग्रस्त सड़क।
मोकलसर स्टेशन | सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से हाल ही में मोकलसर-भंवरानी सड़क मार्ग पर पेचवर्क का कार्य करवाया गया था लेकिन घटिया पेचवर्क का कार्य कर इतिश्री कर ली है। तीन माह पूर्व मोकलसर से भवरानी जाने वाले मार्ग के 10 किमी सड़क मार्ग पर पेचवर्क का कार्य किया गया था लेकिन अब सड़क पुन: टूट गई है। इससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों ने बताया कि सड़क पर पेचवर्क के कार्य में विभाग द्वारा अनियमितता बरती गई है।
कुछ दिन पूर्व मोकलसर-भंवरानी मार्ग पर पेचवर्क कार्य किया गया था, लेकिन गड्ढों को ऐसे ही छोड़ दिया है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-जोग भारती, पूर्व उपसरपंच, मायलावास
बालोतरा. सड़क पर बने गड्ढे।