हर त्योहार को प्रेम भाव से मनाएं : तुलसाराम
विश्व प्रसिद्ध श्री खेतेश्वर ब्रह्मधाम तीर्थ आसोतरा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली के चार दिन बाद चैत्र कृष्ण चतुर्थी के दिन ब्रह्मधाम तीर्थ पर फूलडोल मेले में गेर नृत्य का आयोजन किया गया। इसमें बालोतरा के आस पास के अनेक गांवों की गेरें पहुंचीं। आसोतरा की आंगी गैर, महादेव मंदिर माली समाज की गेर, कनाना की गेर, सराणा की गेर , उमरलाई की गेर, मांगला की गेर, मुठली की गेर, इंद्राणा की गेर, भिंडाकुआ की गेर कुल 19 गांवों के गेर दलों ने अलग अलग रूप में जैसे कोई आंगी पहनकर तो कोई ब्रह्मा विष्णु महेश बनकर तो कोई दुल्हा दुल्हन की तरह श्रृंगार कर नृत्य प्रस्तुत किया। ब्रह्मधाम तीर्थ के गादीपति ब्रह्मसवित्री सिद्ध पीठाधीश्वर तुलसाराम महाराज ने सभा में गुलाल वर्षा से सभी गेर दलों का स्वागत किया।
महाराज ने कहा की एक दूसरे के साथ प्रेम भाव रखते हुए हर त्योहार को खुशी व आनंद के साथ मनाएं। होली स्नेह मिलन में साधु संतों का सानिध्य रहा। आस पास के दर्जनों गांवों से लोग बड़ी संख्या में ब्रह्मधाम तीर्थ पहुंचे और भगवान ब्रह्माजी व खेतेश्वर दाता के दर्शन किए। इस दौरान अखिल विश्व राजपुरोहित युवा सेवा संघ इंद्राणा के हरिसिह सोढा के नेतृत्व में 350 कार्यकर्ताओं की टीम ने भोजनशाला में सेवा दी। मंदिर परिसर की साफ सफाई व ब्रह्मसरोवर पर सफाई कर पूरे दिन सेवाएं दीं। वहीं इस दौरान महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
आसोतरा. गेर नृत्य की प्रस्तुति देते लोक कलाकार।