- Hindi News
- National
- Mokalsar News Rajasthan News There Are No Holidays In Anganwadi Centers Children And Women Are Seen Worried
आंगनबाड़ी केंद्रों में नहीं है छुटि्टयां चिंतित दिखे बच्चें और महिलाएं
कोरोना वायरस को महामारी घोषित किए जाने के बाद शनिवार को राज्य सरकार ने सभी स्कूलों, कॉलेज में 30 मार्च तक छुट्टी की घोषणा की है। छुट्टी की घोषणा के बाद शनिवार से सभी स्कूल और कॉलेज बन्द रहे लेकिन आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी नही होने से शनिवार को सुबह क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर छोटे बच्चे खेलते नजर आए। क्षेत्र के मोतीसरा, भागवा, तेलवाड़ा, मोकलसर, मायलावास, रमणिया, काठाड़ी सहित विभिन्न गांवो में आंगनबाड़ी केंद्र खुले रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि सरकार के द्वारा उन्हें कोई आदेश नहीं मिलने से आंगनबाड़ी केंद्रों पर छुट्टी नहीं रखी गई।
सरकार द्वारा स्कूल और कॉलेज में विद्यार्थियों की भारी भीड़ में कोरोना वायरस के फैलने की आशंका के चलते सम्पूर्ण प्रदेश में छुट्टियां की गई है लेकिन राज्य में 5 साल से कम उम्र के बच्चे विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ाई करते हैं और पोषाहार खाने यहां पहुंचते है। साथ ही गर्भवती महिलाएं भी यहां पहुंचती है। इन छोटे बच्चों में किसी भी बीमारी से लड़ने की क्षमता बहुत कम होती है। एक तरफ सरकार बच्चों में कोरोना वायरस के खतरे की आशंका को लेकर स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर चुकी है लेकिन ऐसे में सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर छुट्टी नही रखने से छोटे बच्चों के अभिभावकों और कार्यकर्ताओं मे भारी रोष है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाएं और 5 साल से छोटे बच्चे पहुंचते है,इनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कम होती है। सरकार द्वारा छुट्टी नहीं किए जाने से सभी चिंतित है।
-कांता राजपुरोहित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
विभागीय आदेश नहीं मिलने तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर छुट्टियां नही रखी गई है।
-भलाराम चौधरी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी
मोकलसर स्टेशन. एक आंगनबाड़ी केंद्र में बैठे बच्चे व महिलाएं।