कलाकृति राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए तस्लीम चयनित
ललित कला अकादमी नई दिल्ली की 61वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में गढ़ी निवासी तस्लीम जमाल की कलाकृति अनटाइटल्ड-1 प्रदर्शनी के लिए चयनित की गई है। उक्त प्रदर्शनी में देशभर से करीब 8 हजार कलाकृतियों में से 284 कलाकृतियों को चयनित किया गया है। राजस्थान से तीन कलाकारों में से दो मूर्तिकार हैं एवं चित्रकारों में तस्लीम जमाल का नाम है। गौरतलब है कि यह प्रदर्शनी ललित कला अकादमी दिल्ली द्वारा आयोजित सबसे महत्वपूर्ण कला प्रदर्शनी है। तस्लीम जमाल विगत 9 वर्षों से सतत कला क्षेत्र में कार्यरत है एवं कुछ दिनों पहले ही उन्हें ऑल इंडिया फाइन आर्ट्स एवं क्राफ्ट सोसाइटी द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में तस्लीम ललित कला अकादमी के गढ़ी स्टूडियो में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति प्राप्त कर कार्य कर रही हैं। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन उपराज्यपाल अनिल बैजल, कला एवं संस्कृति मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल एवं अकादमी के अध्यक्ष उत्तम पचारने द्वारा किया गया यह प्रदर्शनी दिनांक 22 मार्च तक जारी रहेगी।
ललित कला अकादमी की प्रदर्शनी में तस्लीम जमाल की कलाकृति।