- Hindi News
- National
- Banswara News Rajasthan News City Residents Will Get Mini Water Park Gift In Five Years Chairman Trivedi
पांच साल में शहरवासियों को मिलेगी मिनी वाटर पार्क की सौगात : सभापति त्रिवेदी
3 महीने के इंतजार के बाद शहर के बीच बना गौरीशंकर उपाध्याय पार्क जीर्णोद्धार के बाद फिर से नए स्वरुप में बनकर तैयार हो गया है। रविवार को सुबह उद्घाटन के अवसर पर शहरभर से सैकड़ों लोग पार्क पहुंचे और वहां हर एक प्वाइंट पर पहुंचकर तस्वीर और सेल्फी को अपने कैमरे में कैद किया।
शुरुआत में राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया, विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीया और सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी ने विधिवत पूजन अर्चन कर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर एक्सईएन दिलीप गुप्ता, जेईएन विजय दांतला द्वारा पार्क की डिजाइन से लेकर वर्तमान मूर्त रूप देने में पूरा सहयोग रहा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चांदमल जैन, एसपी केसरसिंह शेखावत, पूर्व जिलाप्रमुख रेशम मालवीया, पूर्व संसदीय सचिव नानालाल निनामा, पूर्व विधायक कांता भील, पूर्व सभापति राजेश टेलर आदि मौजूद थे। अतिथियों सहित आमजन में पार्क में हुए कामों को लेकर उत्सुकता देखने को मिली। यहां मुख्य द्वार पर झरने के साथ ही आई लव बांसवाड़ा व साईं मंदिर, माही बांध, मानगढ़ धाम, श्री गढ़ पैलेस, अरथुना, चाचा कोटा, त्रिपुरा सुंदरी आदि पर्यटन स्थलों की प्रतिकृति को रंगीन रोशनी से सजाया गया है। पार्क के भीतर सीडी वॉल के अतिरिक्त बेंच सेल्फी, सुपरमैन और नेचुरल सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं भीतरी हिस्से में तीनों फव्वारे तैयार कर लिए हैं। एक पहाड़ी नुमा स्ट्रक्चर पर शिव प्रतिमा स्थापित की गई है। निंजा टर्टल के साथ ही विभिन्न स्थानों पर जिराफ, हाथी, चीता, शेर आदि की प्रतिकृति लगाई है।
जनसभा में घोषणा-5 साल में शहर को मिलेगा मिनी वाटर पार्क : पार्क अवलोकन के बाद शहरवासियों को संबोधित करते हुए सभापति ने अगले 5 सालों में शहर में मिनी वाटर पार्क बनाने की घोषणा की। जिन्होंने कहा कि उपाध्याय पार्क को एक छोटा सी शुरुआत है। इतने लोगों के बीच यह दावे के साथ कहता हूं कि हर तीन माह में शहर के लोगों को कुछ नया देखने काे मिलेगा। अगले मास्टर प्लान में समाई माता का विकास, भंडारिया, श्यामपुरा वन क्षेत्र है। इसके अलावा मंदारेश्वर मंदिर की पहाड़ी पर स्थित त्रिशूल पर 50 फीट की शिव प्रतिमा लगाने शहर को सुंदर बनाने की योजना में शामिल है। उन्होंने फिर चुनाव पहले के एलान को दोहराया कि ढाई साल में जनमत कराएंगे, अगर उम्मीद पे खरा नहीं उतरे तो पद छोड़ देंगे। पार्षद राकेश सेठिया ने कहा कि पार्क के पास ही आरएसईबी की जमीन है, मंत्रीजी अगर इसे नगर परिषद को आवंटित कराते हैं तो यहां पर बच्चों का स्वीमिंग पुल भी तैयार किया जा सकता है।
पूर्व सभापति और सांसद को नहीं बुलाने पर वापस लौटे भाजपा पार्षद
कार्यक्रम में नगर परिषद की ओर से सभी पार्षदों को न्यौता दिया गया, लेकिन जैसे ही अतिथि पहुंचे, भाजपा के पार्षद बहिष्कार कर वापस लौटे। पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जहां पार्षद महावीर बोहरा ने कहा कि पार्क को जो विकास किया बहुत अच्छा काम है। लेकिन इस सभापति ने इस कार्यक्रम का कांग्रेसी करण किया है। मंत्री को बुलाया वो हमारे स्थानीय विधायक भी है, लेकिन उन्होंने हमारे यहां के जो सांसद है उनकाे न तो बुलाया, न निमंत्रण दिया। सभी कांग्रेसी विधायकों को बुलाया जो हमारे क्षेत्र के नहीं है। पार्क का टेंडर पिछले बोर्ड में हुआ था। हमारी जो सभापति थी उन्हें भी नहीं बुलाया गया। 3 महीनों में उन्होंने काेई भी काम नहीं किया, ये सारे काम पिछले बोर्ड के स्वीकृत है। इनकी ओर से रिटायर हुए एक्सईएन दिलीप गुप्ता को डूंगरपुर से यहां लगा दिया है, भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। जिलाध्यक्ष गोविंदसिंह राव ने कहा कि महिला दिवस पर पूर्व सभापति को नहीं बुलाकर साबित कर दिया कि कांग्रेस महिला विरोधी है।
शहर की जनता ने विकास का भरोसा करके हमें जीताया है। जिस दिन शहर की जनता को लगेगा कि हम काम नहीं कर पा रहे हैं, उस दिन हम खुद ही पद छोड़ देंगे। इस बीच अगर कोई बहिष्कार करता है तो हमें इसकी कोई परवाह नहीं।
जैनेंद्र त्रिवेदी, सभापति
कार्यक्रम में इन्होंने भी किया संबोधित
लोकार्पण अवसर पर राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया ने कहा कि शहर का विकास हमारी प्राथमिकता है। पंचायतीराज चुनाव के बाद हम दो पहिया गाड़ी पर सभापति के साथ शहर की हर गलियों में घूमते रहेंगे। हर गली में जो संभावना होगी वहां वह विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले कांग्रेस के बोर्ड में भी विकास के काम हुए। लेकिन फिर क्या कारण रहे कि जनता ने हमें नहीं चुना, वो मैं नहीं कह सकता। कांग्रेस की सरकार बनी, सभापति बने, हमनें फिर शहर के विकास के काम शुरू किए। चाहे वो शहर की सड़कें हो या पार्क। आने वाले समय में प्रदेश के जितने भी गाइड हैं उन्हें बांसवाड़ा में लाकर एक दिन का कार्यक्रम करेंगे। ताकि वो पर्यटकों को हमारे यहां तक ला सकें। विधायक मालवीया ने कहा कि इस पार्क से शहरवासियों को लाभ मिलेगा, अन्य क्षेत्र से भी जनता आएगी। सभापति ने कहा है कि ढाई साल में जनमत कराएंगे, लेकिन उन्होंने बोलते तो बोल दिया लेकिन ऐसा होगा नही। क्योंकि ढाई साल में शहर काफी बदल जाएगा। जो विकास बाबूजी हरिदेव जोशी ने किया वो तो नहीं कर सकते, लेकिन उनके कामों को हम आगे ज़रूर बढ़ा सकते हैं। इस अवसर पर एसपी केसरसिंह शेखावत, जिलाध्यक्ष चांदमल जैन, पूर्व सभापति राजेश टेलर,पार्षद राकेश सेठिया ने संबोधित किया।
बांसवाड़ा. लोकापर्ण कार्यक्रम में संबोधित करते सभापति।
बांसवाड़ा. शहर के गौरीशंकर उपाध्याय पार्क में मौजूद शहरवासी।