- Hindi News
- National
- Banswara News Rajasthan News College To Be Opened In Gangdatlai And Chhoti Saravanan Mangarhdham Development Board To Be Formed
गांगड़तलाई और छोटी सरवन में खुलेंगे कॉलेज, मानगढ़धाम विकास बोर्ड बनेगा
रेल परियोजना के लिए मांगा विपक्ष से सहयोग
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को विधानसभा में कई घोषणाएं की। इसमें पेयजल परियोजनाएं, सड़कों का निर्माण, कॉलेजों की स्वीकृति, स्कूलों में नए संकाय आदि शामिल हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिले के विकास को लेकर कई विकास कार्य कराने की घोषणा की। इसमें गांगड़तलाई और छोटी सरवन में सरकारी कॉलेज खोलने, जलदा माइनर निर्माण के लिए डीपीआर बनाने, डूंगरा छोटी सीएचसी में 50 बेड बढ़ाने, पेयजल समस्या का समाधान करने को प्राथमिकता दी गई।
मुख्यमंत्री ने आदिवासियों के बलिदानस्थल ऐतिहासिक मानगढ़ धाम के विकास के लिए मानगढ़ धाम विकास बोर्ड बनाने की घोषणा की, जो वागड़ के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। बागीदौरा विधायक महेंद्रजीतसिंह मालवीया ने कहा कि इस घोषणा से मानगढ़ का विकास सुनियोजित ढंग से हो सकेगा। साथ ही किए जाने वाले विकास कार्यों का रखरखाव भी ठीक से हो पाएगा। बोर्ड के गठन से यहां के इतिहास को देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में लोगों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा विधानसभा के छोटी सरवन में और बागीदौरा विधानसभा के गांगड़तलाई में राजकीय स्नातक कॉलेज खोलने की घोषणा की है।
कुशलगढ़ के डूंगरा छोटा स्वास्थ्य केंद्र में बेड 50 से बढ़ाकर 100 किए
मुख्यमंत्री ने अपने इस बजट में कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र का ध्यान रखा, वहीं भाजपा शासित घाटोल और गढ़ी विधानसभा के लिए कोई घोषणा नहीं की गई। विशेष रूप से बागीदौरा बजट के केंद्र में रहा। जहां गांगड़तलाई में कॉलेज, जलदा माइनर के लिए डीपीआर बनाने की स्वीकृति और मानगढ़ धाम विकास बोर्ड बनाना बागीदौरा विधानसभा क्षेत्र हैं। विधायक मालवीया ने कहा कि नवगठित पंचायत जलदा और बोड़ीगामा के करीब बीस गांवों के लोगों को सिंचाई के लिए पाइप लाइन से पानी मुहैया करवाने के लिए 31 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। बड़ोदिया से दिए जाने वाले पानी के लिए पहले ही पाटन तक पाइप लाइन बिछा दी गई है और अब वहीं से बायीं मुख्य नहर के माध्यम से दोनों पंचायतों के बीस गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मुहैया करवाने नई स्कीम स्वीकृत की है। इसके अलावा कुशलगढ़ विधानसभा के डूंगरा छोटा सीएचसी की बेड संख्या 50 से बढ़ाकर 100 कर दी है। मुख्यमंत्री द्वारा गांगड़तलाई में सरकारी काॅलेज खाेलने की घोषणा पर क्षेत्रवासियों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।
कुपोषण को दूर करने दूसरी संतान पर मिलेंगे 6 हजार रुपए: मुख्यमंत्री ने कुपोषण की समस्या को ध्यान में रखते हुए उदयपुर संभाग के 4 जिले बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और उदयपुर जिले में पायलट बेसिस पर इंदिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना लागू होगी, इस योजना के तहत दूसरी संतान के जन्म पर उसकी माता को 6 हजार रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी।
देश में बुलेट ट्रेन आ रही है, आदिवासी क्षेत्र में रेल तो दो: सांसद
देश की संसद में बांसवाड़ा-डूंगरपुर के सांसद कनकमल कटारा ने डूंगरपुर से रतलाम वाया बांसवाड़ा न्यू ब्रॉडगेज रेलवे लाइन का मुद्दा बड़ी मुखरता से उठाया। उन्हाेंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रेल मंत्री पीयूष गोयल की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि देश में बुलेट ट्रेन और मेट्रो ट्रेन का काम हो रहा है ये अच्छी बात है और हम इसका स्वागत करते हैं लेकिन राजस्थान के पिछड़े अादिवासी क्षेत्र बांसवाड़ा-डूंगरपुर जिलाें काे गुजरात राज्य से जाेड़ने वाली रेलवे परियाेजना का रुका हुअा निर्माण कार्य फिर से शुरू करवा कर आदिवासी क्षेत्र में रेल की सुविधा दिलवाई जाए। उन्होंने कहा कि दोनों आदिवासी बहुल जिलों में अभावों के कारण और रोजगार नहीं मिलने से लोग पड़ौसी राज्य गुजरात,मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र आदि राज्यों को जाते हैं। लोगों के लिए आवागम की दृष्टि से रेल सुविधा नहीं होने लोगों को काफी असुविधाजनक स्थिति में रोजगार वाले शहरों में और वापस अपने घर लौटने में काफी दिक्कतें होती हैं। सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को उनकी पिछली सागवाड़ा यात्रा का हवाला देते हुए कहा कि आप तो हमारे क्षेत्र की समस्याओं से वाकिफ हैं और ये मुद्दा पिछले कई वर्षों से उलझा हुआ है। राजनीति के कारण सरकारें बदलती हैं लेकिन रेल सुविधा जैसा महत्वपूर्ण मामला अभी तक अटका हुआ है। उन्होंने संसद में रेल मंत्री गोयल से इस मामलें में राजस्थान सरकार के परियोजना की आधी लागत वहन नहीं करने पाने की स्थिति में केंद्र सरकार से रेलवे लाइन निर्माण परियोजना का पूरा खर्च वहन करने की मांग है। जिससे अधूरी पड़ी रेलवे परियोजना को पूर्ण कर देश के पिछड़े आदिवासी क्षेत्र मंें रहने वाले लोगों को रेल सुविधा मुहैया करवाई जा सके। मुख्यमंत्री ने बांसवाड़ा डूंगरपुर रेल परियोजना का जिक्र तो विधानसभा में किया, लेकिन कोई घोषणा नहीं की। उन्होंने इस परियोजना के लिए विपक्ष से सहयोग मांगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल प्रोजेक्ट पर मैं कह चुका हूं कि आप हमारी मदद करें। चाहे वो करोली का हो या टोंक का या फिर डूंगरपुर-बांसवाड़ा, भीलवाड़ा में मेमो कोच फैक्ट्री। आप सहयोग कर सकते हैं आपका प्रभाव भी है। नेता प्रतिपक्ष का तो सम्मान भी है और रुतबा भी। क्योंकि आपने तो जिंदगी खपाई है, आरएसएस के अंदर। हमें मालूम है आप सबके नेता हैं।
सांसद कनकमल कटारा।