- Hindi News
- National
- Banswara News Rajasthan News Discom Owes Three Crore Rupees In Government Departments
सरकारी विभागों में डिस्कॉम के तीन करोड़ रुपए बकाया
डिस्कॉम में राजस्व वसूली को लेकर निगम का अभियान तेज चल रहा है। लेकिन मार्च 31 तक एमडी द्वारा दिए गए 102 प्रतिशत की रिकवरी से बांसवाड़ा सर्किल 22 करोड़ रुपए अभी तक बकाया है। जिसमें इस साल के 15 करोड़ और पिछले साल के 7 करोड़ रुपए शामिल हैं।
डिस्कॉम में राजस्व वसूली में सरकारी विभागों के 3 करोड़ से ज्यादा बकाया है। जिसको लेकर एसई ने कई बार पत्र लिखकर अवगत कराने के बावजूद जमा नहीं करवाये गए हैं। जिसमें सबसे ज्यादा बकाया नगर परिषद के 1 करोड़ 50 लाख, पंचायतों के 34 लाख, बीएसएनएल के 25 लाख, पुलिस विभाग के 18 लाख और जलदाय विभाग के 17 लाख रुपए अभी तक बकाया चल रहे हैं। हालांकि सरकारी विभागों की ओर से महीने के अंत तक बकाया राशि जमा कराने का आश्वासन दिया जा रहा है। डिस्कॉम ने अधिकारियों को अलग-अलग टारगेट दिए हैं। बताया जा रहा है कि अब तक दो महीनों में करीब ढाई हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए हैं। टारगेट को पूरा करने के लिए निगम गांव से विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर भी उतार रहा है। एसई आर आर खटीक ने बताया कि अभी हमारे पास 15 दिन का समय शेष बचा है। जिसको लेकर पूरे सर्किल के कर्मचारी टारगेट को पूरा करने में लगे हुए हैं। साथ ही सरकारी विभाग में जिनके बकाया राशि है, उनको भी पत्र लिखकर जमा करने का अनुरोध किया जा रहा है, अन्यथा विभाग उनके भी कनेक्शन काटने की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
वसूली में बागीदौरा, आनंदपुरी और सिटी द्वितीय पीछे
पूरे सर्किल की बात की जाए तो राजस्व वसूली में बागीदौरा, आनंदपुरी, सिटी द्वितीय क्षेत्र काफी पीछे चल रहे हैं। जिसको लेकर एमडी ने बैठक के दौरान लताड़ भी लगाई थी। आनंदपुरी क्षेत्र में राजस्व वसूली को लेकर नोडल अधिकारी भी लगाए हैं। बागीदौरा में 3 करोड़ 5 लाख, आनंदपुरी में 2 करोड़ 24 लाख और सिटी द्वितीय में 2 करोड़ 28 लाख रुपए बकाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों के कई लोग गुजरात, मध्य प्रदेश में मजदूरी करने गए हैं। साथ ही इन क्षेत्रों में कर्मचारियों की कमी के चलते बकाया राशि वसूली करने में समस्या विभाग को आ रही है।