- Hindi News
- National
- Banswara News Rajasthan News District Transport Department Still Away Rs 6 Crore From Revenue Target
जिला परिवहन विभाग अब भी राजस्व वसूली में लक्ष्य से 6 करोड़ रुपए दूर
जिले में परिवहन विभाग को इस साल राजस्व वसूली को लेकर कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। विभाग की ओर से इस बार भारी वाहनों का टैक्स जमा कराने की अंतिम तिथि 30 मार्च की जगह 15 मार्च कर दी गई है। इसके बाद भी टैक्स जमा नहीं कराने पर विभाग की ओर से वाहन जब्ती और पैनल्टी वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। अंतिम तिथि नजदीक होने से विभागीय अधिकारी और कर्मचारी लक्ष्य प्राप्ति में जुटे हुए हैं। ऐसे मेंं अवकाश के दिन भी कार्यालय में चालान, टैक्स, जुर्माना जमा किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इस साल परिवहन विभाग को टैक्स और अन्य वसूली को लेकर 8 करोड़ 83 लाख का टारगेट मिला है। इसे 31 मार्च तक पूरा करना है। इसके लिए विभाग की ओर से हर माह राज्य स्तर पर मॉनिटरिंग कर वसूली का लक्ष्य भी दिया जा रहा है, ताकि समय पर लक्ष्य को पूरा किया जा सके। परिवहन विभाग की ओर से वसूली को लेकर ऑनलाइन सुविधा करने के बाद भी वाहन मालिकों की ओर से समय पर टैक्स जमा नहीं कराने से भी विभाग को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब विभाग की ओर से कुछ ही दिन शेष रहने से फील्ड में जाकर वसूली को लेकर कड़ा रुख दिखाया जा रहा है। इसको लेकर 15 फरवरी से ही टैक्स जमा नहीं कराने वाले वाहनों मालिकों के खिलाफ पहले समझाइश और इसके बाद जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
परिवहन विभाग की ओर से चलाए जा रहे राजस्व वसूली के अभियान में अभी तक जिले में केवल 2 करोड़ राजस्व वसूली हो पाई है। इसके मुताबिक दिए गए टार्गेट में अब भी 6 करोड़ रुपये वसूलना बाकी है। शेष बची राशि के लिए विभाग टैक्स जमा नहीं कराने वाले वाहन मालिकों पर सख्ती दिखानी होगी। ऑनलाइन सुविधा होने के बावजूद वाहन मालिकों की ओर से भी टैक्स जमा नहीं किया जा रहा है। परिवहन विभाग में कार्यरत चंद्रवीर ने बताया कि होली अवकाश के बाद बुधवार को कार्यालय खुला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे है। साथ ही कार्यालय शनिवार और रविवार को भी खुला रहेगा। जिसमें को वाहन मालिक टैक्स जमा करा सकता है।