- Hindi News
- National
- Anandpuri News Rajasthan News Due To Electoral Rivalry He Entered And Beaten The House The Second Day He Committed Suicide
चुनावी रंजिश के चलते घर में घुसकर पीटा, दूसरे दिन वृद्ध ने की अात्महत्या
आनंदपुरी के पाटिया गांव में बुधवार सुबह एक अधेड़ का शव मिला। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का सामने आ रहा है। जिसमें 58 वर्षीय कालूराम पुत्र लवजी खांट ने घर से कुछ दूर खेतों में नीम के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। वहीं हत्या की आशंका भी इसलिए है क्योंकि ठीक एक दिन पहले यानि मंगलवार शाम को पंचायतराज चुनाव में हुए झगड़े की रंजिश के कारण गांव के ही नानूराम और अन्य कुछ लोगों ने पत्थरों और गन्ने से मारपीट की थी। उस समय परिवार के लोगों ने बीच बचाव कर लिया था। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। इस कारण उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया। इसके बाद सबको लगा था कि मामला शांत हो गया है, लेकिन अगले दिन सुबह शव मिलने पर मृतक के बेटे दिनेश ने बताया कि उसके पिता ने इसी मारपीट की घटना से आहत होकर फंदा लगा कर आत्महत्या कर दी। मारपीट की घटना के बाद सभी लोग घर में सो गए थे।
रात को ढाई बजे दिखा तो पिता कालूराम घर में नहीं था। परिजन करीब 3 घंटे तक इधर-उधर तलाश करते रहे। सुबह 4 बजे जब खेत में पहुंचे तो वहां कालूराम का शव लटका हुआ था। शव मिलने की सूचना पर आनंदपुरी से सीआई कपिल पाटीदार भी जाब्ते के साथ पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया। बाद में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पाटीदार ने बताया कि आरोपी मृतक के ही परिवार के हैं।
दोनों पक्षों के बीच चुनाव के समय से ही विवाद चल रहा था। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने नानुराम पुत्र हुरजी, सुखराम पुत्र हुरजी, महेन्द्र पुत्र हुरजी, सोहन पुत्र कचरिया, गटु पुत्र कचरिया खांट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों को यह भी कहना है कि उसके पिता की हत्या कर शव को लटकाया गया है।