- Hindi News
- National
- Banswara News Rajasthan News Dungarpur Chairman Gupta Will Take Cleanliness Class In Banswara
डूंगरपुर सभापति गुप्ता बांसवाड़ा में लेंगे स्वच्छता क्लास
राजस्थान में स्वच्छता के ब्रांड एंबेसेडर और डूंगरपुर के सभापति केके गुप्ता 17 मार्च को दोपहर 3 बजे बांसवाड़ा आएंगे। वे यहां स्थानीय पार्षद, सफाई कर्मचारियों, ऑफिस स्टाफ के साथ संवाद कर बांसवाड़ा शहर को भी स्वच्छता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के टिप्स देंगे। साथ ही शहर में स्वच्छता के बारे में संभावनाएं तलाश कर इस बारे में चर्चा करेंगे। गुप्ता बतौर एंबेसेडर प्रदेश के कई निकायों में इस प्रकार की कार्यशाला कर चुके हैं। हालांकि वे बांसवाड़ा में पहली बार कार्यशाला करने आ रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि बांसवाड़ा में सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी द्वारा जिस प्रकार से कार्य किए जा रहे हैं, उसे देखते हुए निश्चित ही बांसवाड़ा आने वाले समय में स्वच्छता में रैंकिंग सुधार करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में तरक्की करेगा। मीडिया के माध्यम से जैसा मुझे पता चला रहा है कि बांसवाड़ा सभापति के पास विजन और शहर के विकास को लेकर उनके विचार अच्छे हैं। वो चाहते हैं कि बांसवाड़ा डूंगरपुर से भी आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि सभापति का पद निकाय में बहुत बड़ा होता हैं, जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के लिए कई कड़े फैसले भी लेने पड़ते हैं।
ये रहेगा मुख्य फोकस : गुप्ता ने भास्कर से बातचीत में बताया कि बांसवाड़ा में मुख्य रूप से स्वच्छता, पर्यावरण और जल संचय का विषय रहेगा, जो हमनें डूंगरपुर में किया है। इसके अलावा हमने डूंगरपुर में जो नवाचार किए हैं, जैसे की शिक्षा और महिला के रोजगार के लिए उसके लिए भी सभापति और पार्षदों के साथ चर्चा होगी। साथ ही नगर परिषद की आय बढ़ाने सहित कई मुद्दों पर बात की जाएगी।
डूंगरपुर सभापति केके गुप्ता