- Hindi News
- National
- Banswara News Rajasthan News National Highway Is Not Paying Any Attention Construction Works Are Going On Contrary To The Rules
नेशनल हाइवे पर कोई ध्यान नहीं दे रहा नियमों के विपरीत हो रहे हैं निर्माण कार्य
सुरपुर से आगे नेशनल हाईवे पर पैट्रोल पंप के सामने अवैध निर्माण।
भास्कर संवाददाता|बांसवाड़ा
जिले से हाेकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 113 पर प्रतापगढ़ से लेकर पीपलखूंट, खमेरा, घाटाेल, सुरपुर, तेजपुर, डांगपाड़ा डायमंड सर्किल, कूपड़ा डायमंड सर्किल, बाेरवट सगड़ोद सर्किल से आगे तक बिना स्वीकृति के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। बेतरतीब ढंग से नियमों को ताक में रखकर किए जा रहे निर्माण कार्यों के कारण इस नेशनल हाईवे पर कभी भी तेज गति से आवागमन करने वालों वाहनों के कारण बड़ी दुर्घटना और जनहानि का खतरा है। गौरतलब है कि सुरपुर, तेजपुर, घाटाेल, खमेरा, बांसवाड़ा, कूपड़ा,डांगपाड़ा, से लेकर बाेरवट पाड़ी तक एनएच 113 पर किए गए अवैध निर्माणों पर क्षेत्र के तहसीलदार भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे आने वाले दिनों में स्थिति अौर भी खराब हो सकती है। लोगों ने नेशनल हाईवे के अधिशासी अभियंता की स्वीकृति के बिना ही मकान, हाेटल, व्यावसायिक परिसर, फार्म हाउस आदि का निर्माण कर दिया है। इधर नेशनल हाईवे 113 और 927 ए के एक्सईएन राम स्वरूप बैरवा ने बताया कि कुछ स्थानों पर हमने ऐसे निर्माण कार्य रुकवाए हैं, जिसमें सेनावासा क्षेत्र भी शामिल है। उन्होंने बताया कि सभी राजस्व अधिकारियों के पास सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्ग की गाइड लाइन है, जिसके अनुसार 132 फीट की दूरी छोड़ कर ही निर्माण की स्वीकृति दी जा सकती है। जिससे कि आने वाले समय में सड़क विस्तारीकरण में परेशानी न हो। हम निर्माण स्वीकृतियां जारी करने और अवैध निर्माण कार्यों को हटवाने संबंधित क्षेत्र के तहसीलदारों को पत्र भेजकर अवैध निर्माण कार्य हटवाएंगे।