- Hindi News
- National
- Partapur News Rajasthan News Passport Office Closed For 6 Days People Are Facing Problems
6 दिन से पासपोर्ट कार्यालय बंद,लोगों को हो रही परेशानी
बांसवाड़ा| शहर के मुख्य डाक घर भवन के उपर स्थित भारत सरकार का पासपाेर्ट कार्यालय पिछले छह दिनों से बंद पड़ा है। जिसकी मुख्य वजह पिछले दो साल से अधिकृत सिग्नेचर अथोरिटी के डिजिटल सिग्नेचर को प्रदेश के पासपोर्ट कार्यालय के उच्चाधिकारी द्वारा रिन्यू नहीं किया गया है।
इस कार्यालय में मुख्य डाकघर कार्यालय के दो कर्मचारी और एक कर्मचारी पासपोर्ट कार्यालय जयपुर से नियुक्त किया गया है। जिनकी पोस्टल एम्प्लोय आईडी 6 मार्च 2020 काे दाे साल पूरे हाेने पर अवधिपार हाे गई थी। मुख्य डाक घर के अधीक्षक खलीलुद्दीन शेख ने बताया कि दो कर्मचारियों की एम्प्लोय आई डी 20 मई 2018 काे स्वीकृत की गई थी। जिसके अवधि पार होने से पहले फरवरी माह में ही हमने हमारे विभाग के मंडल अधीक्षक के माध्यम से पासपोर्ट कार्यालय को आवश्यक कार्यवाही के लिए पत्र भिजवा दिए थे।
लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के पासपाेर्ट अधिकारी द्वारा इस संबंध में डिजिटल सिग्नेचर आईडी की अवधि आगे बढ़ाने संबंधी स्वीकृति जारी नहीं करने के कारण हमें नियमों की पालना के तहत काम रोकना पड़ा। इससे अब रोजाना पासपोर्ट बनवाने आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इधर बांसवाड़ा में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के माध्यम से पासपोर्ट ऑफिस खुलवाने का सफल प्रयास करने वाले अल ताहेराबाद एसोसिएशन के अध्यक्ष हुसैनी भाई मेरजी ने बताया कि समय पर डिजिटल सिग्नेचर को स्वीकृत कर आईडी बनाने की कार्यवाही में ढिलाई करने का खामियाजा बांसवाड़ा जिले के लोग भुगत रहे हैं। जबकि इस काम को प्रदेश के पासपोर्ट अधिकारी द्वारा समय सीमा पूरी होने से पहले ही कर देना था। लेकिन ऐसा नहीं कर और पिछले छह दिनों से पासपोर्ट ऑफिस बंद रहने से विदेश जाने वाले लोगों को नया पासपोर्ट बनवाने और पासपाेर्ट रिन्यू करवाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं।