- Hindi News
- National
- Banswara News Rajasthan News Prabhat Pheri Today To Commemorate The 150th Birth Anniversary Of Mahatma Gandhi
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रभात फेरी आज
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष के आयोजन काे लेकर जिला स्तर पर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई।
जिला कलेक्टर कैलाश बैरवा ने कहा कि दांडी यात्रा की वर्षगांठ के अवसर पर 12 मार्च से विधिवत ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम की शृंखला शुरू की जाएगी। इसके तहत पहले दिन प्रभात फेरी एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन होगा। दूसरे दिन गांधी भजन व देश भक्ति गीत प्रतियोगिता, तीसरे दिन नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता, चौथे दिन चित्रकला प्रतियोगिता, पांचवें दिन निबंध प्रतियोगिता, छठे दिन भाषण व कविता प्रतियोगिता और सातवें दिन महापुरुषों पर आधारित रूप धरों प्रतियोगिता के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस अवधि में पारंपरिक खेलकूद करवाए जाएंगे। ’’ गांधी अतीत ही नहीं भविष्य भी हैं ’’ विषय पर निबंध तथा ’’ मेरा जीवन ही मेरा संदेश है -महात्मा गांधी ’’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता होगी।
बैठक में जिला संयोजक एवं पूर्व विधायक रमेश पंड्या ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस उप अधीक्षक, विकास अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, प्रोग्रामर, क्षेत्रीय वन अधिकारी, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, एनजीओ प्रतिनिधि व राज्य सरकार द्वारा मनोनीत दो गैर सरकारी सदस्य इस आयोजन के संबंध में व्यवस्थाओं को देखेंगे। बैठक के उपरांत ब्लॉक वार सामग्री का वितरण किया गया।
आरंभ में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोविंद सिंह राणावत ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों को आयोजन स्थल के रूप में चयनित किया है। जहां संबंधित ब्लाक के अन्य विद्यार्थी जो बीएसटीसी, इंटीग्रेटेड बीए बीएड, बीएससी बीएड में अध्ययनरत है वह इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। ब्लॉक स्तर पर विजेता एवं उपविजेता रहने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर के कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतिदिन की रिपोर्ट निर्धारित फॉर्मेट में ब्लॉक स्तर से भेजी जाएगी। जिसे जिला स्तर पर समेकित कर राज्य स्तर पर प्रेषित किया जाएगा। कार्यक्रम की समूची रिपोर्ट मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तक पहुंचाई जाएगी। सात दिवसीय कार्यक्रम की जिला स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। बैठक में जिला सहसंयोजक विकेश मेहता ने सभी पदाधिकारियों से आयोजन की सफलता के लिए तन-मन से कार्य करने का आह्वान किया। मेहता ने कुछ माह पूर्व हुए जिला स्तरीय आयोजन की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की। इन सात दिवसीय आयोजनों को प्रभावी बनाने के लिए अपनी ओर से सुझाव दिए। बैठक मे एडीएम नरेश बुनकर, उपखंड अधिकारी बांसवाड़ा पर्वत सिंह चुंडावत, उपखंड अधिकारी कुशलगढ़ विजयेश पंड्या, उपखंड अधिकारी बागीदौरा मांगीलाल रेगर, उपखंड अधिकारी घाटोल रामप्रकाश, उपखंड अधिकारी गढ़ी रामचंद्र खटीक, गोविंद गुरु विश्वविद्यालय से महिपाल सिंह राव, गढ़ी ब्लॉक संयोजक दिनेश पंड्या, दिनेश चंद्र भट्ट, परमेश्वर नायक, दिनेश खराड़ी, दिलीप पारगी, हितेश जोशी, नीलेश कुमार मेरावत, ओकार सिंह डामोर, लक्ष्मण दामा, मुश्ताक मोहम्मद, यश खाबीया, मोहनलाल पारगी, रमेश चंद्र कटारा, बुरहानी रतलामी, तोलाराम मईडा, राजेश उपाध्याय सहित कई कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।
जिला स्तरीय बैठक में दिशा-निर्देश देते हुए कलेक्टर कैलाश बैरवा।