- Hindi News
- National
- Baran News Rajasthan News Alert On Carona Holidays In Schools Coaching Centers Training Of Doctors And Nursing Staff
काेरोना पर अलर्ट, स्कूल, कोचिंग सेंटरों में छुटि्टयां, डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ को ट्रेनिंग
प्रदेश में काेरोना के मरीज सामने आने के बाद राज्य सरकार की ओर से एहतियात के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार से स्कूलों में छुट्टियां कर दी हैं। डॉक्टर, जीएनएम, एएनएम व आशाओं को ट्रेनिंग दी है।
जिले में कोरोना को लेकर एक भी मामला सामने नहीं आया है। कोरोना से बचाव को लेकर मुख्यमंत्री के ओर से दिए गए निर्देश के तहत शनिवार को शहर में स्कूलों में 30 मार्च तक छुट्टियां घोषित कर दी हैं। स्कूलों में स्थानीय स्तर पर हो रही परीक्षाओं का आयोजन का निर्णय अब 30 मार्च के बाद होगा। जिले में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। इस दौरान किसी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं होगा। सीएमएचओ डॉ. संपतराज नागर ने बताया कि कोरोना को लेकर विडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से 471 एएनएम और आशाओं को प्रशिक्षित किया है। जिले में एक भी केस नहीं आया है। एहतियात बरतने को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र कुमार मीना ने बताया कि 103 डॉक्टरों को शुक्रवार को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बारां ब्लॉक के 58 डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षित आशा व एएनएम को कोराेना को लेकर सावधानी, लक्षण की जानकारियां दी गई हैं।
सरकारी- निजी स्कूलों में 30 तक अवकाश, बोर्ड परीक्षाएं यथावत
सीडीईओ रामनारायण मीणा ने बताया कि 30 मार्च तक जिले के सभी राजकीय एवं मान्यता प्राप्त निजी स्कूल, कोचिंग सेंटर, मदरसे एवं अन्य सभी प्रकार के शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। वहीं सभी राजकीय व निजी स्कूलों में बोर्ड के अलावा अन्य परीक्षाएं 30 मार्च के बाद ही आयोजित होंगी। वहीं 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत संचालित होंगी। इस दौरान संस्था प्रधान एवं स्टाफ आवश्यक एहतियात बरतते हुए स्कूल में उपस्थित रहकर बोर्ड परीक्षा एवं शाला संबंधित अन्य कार्य पूर्ववत करेंगे।
मिर्जापुर में बनाया कोरेंटाइन वार्ड
डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. राजेंद्र कुमार मीना ने बताया कि मिर्जापुर सीएचसी पर पहली मंजिल पर कोरेंटाइन वार्ड बनाया है। इसमें बाहर से लौटे स्वस्थ्य लोगों को निगरानी में रखा जाएगा। इसमें पुरुषों के लिए 10 बेड और दूसरे कक्ष में महिलाओं के लिए 6 बेड हैं। इस तक जाने के लिए मार्ग भी अस्पताल से अलग है। उन्होंने बताया कि चीन से लौटे 6 जनों का 28 दिन का निगरानी पीरियड पूरा हो चुका है। वहीं मलेशिया से लौटे 5 जनों की निगरानी कर रोजाना जयपुर रिपोर्ट भेज रहे हैं। इनका निगरानी समय भी 4-5 दिन में पूरा हो जाएगा।
जिले में कोरोना का एक भी मामला अभी सामने नहीं आया है। एहतियात के तौर पर अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। मेडिकल इमरजेंसी में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ की छुटि्टयां निरस्त कर दी है। किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं होगा। सभी को टीम भावना से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को भी जागरुक किया जा रहा है।
-डॉ. संपतराज नागर, सीएमएचओ, बारां
बारां. जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर पर कार्मिकों को मॉस्क और ग्लव्स उपलब्ध नहीं कराए हैं।