आशाओं ने सामूहिक अवकाश लेकर किया प्रदर्शन
बारां. आशा सहयोगिनियों ने मिनी सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया।
बारां| आशा सहयोगिनियों की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर पैदल रैली निकाली गई। मांगें पूरी नहीं होने को लेकर सहयोगिनियों ने मिनी सचिवालय पर विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर, उपनिदेशक महिला बाल विकास एवं सीएमएचओ को ज्ञापन दिया।
आशा कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष इंद्र कुमारी सुमन ने बताया कि शुक्रवार को आशा सहयोगिनियां कोटा रोड स्थित पब्लिक पार्क में एकत्रित हुई। यहां पर बैठक के उपरांत सभी आशा सहयोगिनियां नारेबाजी करते हुए पैदल कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां पर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर, एसडीएम एवं उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। महामंत्री ममता तलेटिया ने बताया कि जिले की समस्त आशा सहयोगिनियां एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन में पहुंची थी। उन्होंने बताया कि संशोधित बजट मंे मांग पूरी नहीं की गई और न्यूनतम वेतन 23 हजार 700 रुपए प्रति माह नहीं किया तो आशा सहयोगिनियां कार्य का बहिष्कार कर उग्र आंदोलन करेंगी।
ज्ञापन में बताया कि प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन मानदेय कर्मी कार्यकर्ता, सहायिका और आशा सहयोगिनी पद स्थापित हैं। सरकार ने आम बजट में आशा सहयोगिनियों को नजरअंदाज करके मानदेय वृद्धि से वंचित कर दिया है। आशा सहयोगिनियों का वर्तमान में मानदेय मात्र 2700 रुपए प्रतिमाह है, जो काफी कम है।
इस पद पर कार्यरत अधिकांश आशा सहयोगिनियां विधवा, परित्यक्ता, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, विशेष पिछड़ा वर्ग, आर्थिक पिछड़ा वर्ग और बीपीएल श्रेणी की महिलाएं हैं। जिले की शाहाबाद और किशनगंज तहसील में अधिकांश आशा सहयोगिनियां सहरिया समाज की हैं। आशा सहयोगिनियां इतने कम मानदेय में अपने परिवार का पालन-पोषण नहीं कर सकती हैं और न ही अपने बच्चों को अध्ययन करने के लिए उच्च शिक्षण संस्थाओं में भेज सकती हैं।
समस्त आशा सहयोगिनियों ने मुख्यमंत्री से नियमितीकरण करने अथवा कम से कम न्यूनतम मानदेय 23 हजार 700 रुपए प्रतिमाह करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान ललिता यादव, मंजूलता सुमन, गायत्री भट्ट, अंगूरीबाई, मालती मेहता, रेखा चौबदार, राजेश्वरी गौड़, शांतिबाई, गीता प्रजापति, हेमलता सुमन, अर्चना शर्मा, रेहनुमा खान, अनीता सुमन, सीमा रानी, सीमा पंकज, ललिता राठी, वंदना शर्मा, राजेश शर्मा, संतोष शर्मा मौजूद रही।