- Hindi News
- National
- Kawai News Rajasthan News Case Filed Against Trespassers Occupying 15 Bighas Of Land Of Electricity Corporation
बिजली निगम की 15 बीघा जमीन पर कब्जा अतिक्रमियों के खिलाफ कराया मामला दर्ज
कस्बे में बीते दो माह से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर होड़ मची हुई है। हालात यह हैं कि जहां भी सरकारी भूमि खाली नज़र आती है, वहीं भूमाफिया पत्थर डालकर अतिक्रमण कर रहे हैं।
कई अतिक्रमियों ने लंबे-चौड़े भू-भाग को रोककर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ग्राहकों को बेचने का कार्य भी शुरू कर दिया है। ग्रामीणों ने संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उधर, ग्रामीणों की ओर से अतिक्रमण की सूचना मिलने पर गुरुवार को 33 केवी जीएसएस सालपुरा में बिजली निगम के सिविल इंजीनियर अमृतलाल, कनिष्ठ अभियंता किशोर सुंवालका, सहायक अभियंता ग्रामीण अटरू इंद्रपाल सिंह सहित विभागीय अधिकारियों ने पहुंचकर जायजा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि यहां सब स्टेशन के लिए लगभग 15 बीघा जमीन आवंटित की गई थी। जिस पर अभी चारों ओर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य शुरू करना है। सब स्टेशन की भूमि पर भूमाफियाओं ने बजरी, पत्थर, ग्रेवल, डालकर कच्चे-पक्के निर्माण कर कब्जा जमा लिया है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाने के लिए गुरुवार को विभागीय अधिकारियों ने जायजा लेकर सीमाज्ञान के लिए तहसीलदार सियाराम मीणा को पत्र लिखकर अवगत कराया एवं अतिक्रमियों को चिन्हित कर थाने में भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए मामला दर्ज करवाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए बताया कि कस्बे में सरकारी भूमि जहां भी खाली पड़ी हुई नजर आती है भूमाफिया बजरी, पत्थर, ग्रेवल डालकर कब्जा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि खानपुर रोड स्थित लगभग 32 बीघा तालाब पर अतिक्रमियों ने कच्चे-पक्के निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया है। प्रशासनिक अधिकारियों को भी समय-समय पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने 74 अतिक्रमियों को चिन्हित कर प्लान भी तैयार कर लिया, लेकिन कागज़ी कार्रवाई में एक माह गुज़र गया। अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी तरह थाने के सामने कालबेलिया बस्ती के पीछे लगभग 30 बीघा आबादी भूमि पर भी अतिक्रमियों ने पत्थर, बजरी डालकर कब्ज़ा कर लिया है। थाने के पीछे अंबेडकर कॉलोनी में नौ बीघा खेल मैदान एवं चार बीघा अस्पताल की भूमि पर भी अतिक्रमियों ने कब्ज़ा कर लिया है। कई भूमाफियाओं ने लम्बे-चौड़े भू-भाग पर कब्ज़ा कर फर्जी दस्तावेज तैयार करा लिए हैं।
भूमाफियाओं ने अब इनको बेचने का काम भी शुरू कर दिया है। अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों की ओर से समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन प्रशासन ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिससे भूमाफियाओं के हौंसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि अतिक्रमियों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई नहीं करेगा तो कस्बे को बंद करवाकर प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उधर, रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर ने भी मामले को सदन में ले जाने की बात कही है। दिलावर ने बताया कि प्रशासन अतिक्रमियों को संरक्षण दे रहा है।
खानपुर रोड स्थित तालाब की पाल एवं अन्य सरकारी भूमि पर काबिज अतिक्रमियों को जल्द ही नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।
-सियाराम मीणा, तहसीलदार अटरू
बिजली निगम के अधिकारियों की ओर से गुरुवार को कार्यालय में सीमाज्ञान के लिए पत्र मिला है। जल्द ही मौके पर पटवारी को ले जाकर सीमाज्ञान करवाया जाएगा।
-निर्मल सैनी, नायब तहसीलदार
33 केवी जीएसएस सब स्टेशन सालपुरा में बिजली निगम की बेशकीमती भूमि पर काबिज़ अतिक्रमियों को हटाने के लिए गुरुवार को चिन्हित कर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिख दिया है। जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
-इंद्रपाल सिंह, एईएन अटरू ग्रामीण
बिजली निगम के अधिकारियों की ओर से शिकायत मिली थी। जिस पर पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर अतिक्रमियों को खदेड़ दिया है।
-रामहेतार पार्थ, थानाधिकारी
कवाई. बिजली निगम की जमीन पर अतिक्रमण कर किया गया फाउंडेशन का निर्माण।