- Hindi News
- National
- Baran News Rajasthan News Commercial Vehicle Owners Can Now Deposit Up To 15 Advance Tax
काॅमर्शियल वाहन मालिक अब 15 तक कर जमा करवा सकते हैं अग्रिम टैक्स
जिले में परिवहन विभाग को इस साल भी वसूली करने में मशक्कत करनी पड़ रही है। इस बार राजस्व वसूली को लेकर जिले को पिछले साल की तुलना में 11.70 प्रतिशत लक्ष्य अधिक मिला है।
विभाग की अाेर से इस बार भारी वाहनों का टैक्स जमा कराने की अंतिम तिथि 30 मार्च की जगह 15 मार्च कर दी गई है। इसके बाद भी टैक्स जमा नहीं कराने पर विभाग की ओर से वाहन जब्ती अौर पैनल्टी वसूलने की कार्रवाई की जाएगी। अंतिम तिथि नजदीक होने से विभागीय अधिकारी व कर्मचारी लक्ष्य प्राप्ति में जुटे हुए हैं। ऐसे मंें अवकाश के दिन भी कार्यालय में चालान, टैक्स, जुर्माना जमा किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि इस साल परिवहन विभाग को टैक्स व अन्य वसूली को लेकर 48 करोड़ 40 लाख का टारगेट मिला है। इसे 31 मार्च तक पूरा करना है। इसके लिए विभाग की ओर से हर माह राज्यस्तर पर मॉनिटरिंग कर वसूली का लक्ष्य भी दिया जा रहा है, ताकि समय पर लक्ष्य को पूरा किया जा सके। पिछले साल तक भी जिले में परिवहन विभाग को मिले लक्ष्य के अनुसार वसूली नहीं हो पाई। इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से वसूली को लेकर ऑनलाइन सुविधा करने के बाद भी वाहन मालिकों की ओर से समय पर टैक्स जमा नहीं कराने से भी विभाग को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब विभाग की ओर से कुछ ही दिन शेष रहने से फील्ड में जाकर वसूली को लेकर कड़ा रुख दिखाया जा रहा है। इसको लेकर 15 फरवरी से ही टैक्स जमा नहीं कराने वाले वाहनों मालिकों के खिलाफ पहले समझाइश व इसके बाद जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। फरवरी में ही 24 वाहन जब्त किए गए हैं।
इस साल टारगेट 11.70 फीसदी बढ़ा, अभी 10 करोड़ वसूलना बाकी
विभागीय अधिकारियों के अनुसार पिछले साल जिले को 41.41 करोड़ राजस्व का लक्ष्य मिला था। इसे इस साल बढ़ाकर 48.40 करोड़ रुपए कर दिया है। शुक्रवार तक करीब 38.89 करोड़ की वसूली हो चुकी है। ऐसे में लक्ष्य पूरा करने के लिए शेष 10 करोड़ वसूलने के लिए विभाग टैक्स जमा नहीं कराने वाले वाहन मालिकों पर सख्ती दिखानी पड़ेगी। ऑनलाइन सुविधा होने के बावजूद वाहन मालिकों की ओर से भी टैक्स जमा नहीं किया जा रहा है। परिवहन विभाग कार्यालय सूचना सहायक पीयूष मोरवाल ने बताया कि होली अवकाश के बाद बुधवार को कार्यालय खुला। इस दौरान बड़ी संख्या मेंे लोग पहुंचे। बुधवार को करीब 10 लाख 38 हजार का राजस्व मिला है।
जिले को इस बार 48.40 करोड़ राजस्व वसूली का लक्ष्य मिला है। इसके लिए विभाग की टीम लगातार प्रयास कर वसूली कर रही है। ऐसे में अब टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ सख्ती दिखाने से टारगेट पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
- दिनेश सिंह सागर, जिला परिवहन अधिकारी, बारां