- Hindi News
- National
- Seeswali News Rajasthan News Election Noise In The Middle Of The Examination Increased Students39 Problems
परीक्षा के बीच चुनावी शोरगुल से बढ़ी विद्यार्थियों की परेशानी
सीसवाली| कस्बे में इन दिनों 8वीं, 10वीं और12वीं कक्षा की परीक्षा हो रही है। इस दौरान तीनों परीक्षा केंद्रों के आसपास चुनावी रैलियों और लाउड स्पीकर बजने से परीक्षार्थियों को परेशानी हो रही है। परीक्षा केंद्राधीक्षकों की शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत में सरपंच का चुनाव होना है। परीक्षार्थियों ने बताया कि देर रात तक कस्बे में चुनावी शोरगुल होता रहता है। वहीं परीक्षा देते समय भी परीक्षा केंद्रों पर लाउड स्पीकरों की आवाज आती रहती है। प्रत्याशियों की रैलियां परीक्षा केंद्रों के पास से गुजरती है।
सीसवाली में तीन परीक्षा केंद्र उच्च माध्यमिक बॉयज, आदर्श विद्या मंदिर, बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल आम रास्तों पर पड़ते हैं। सरपंच चुनावों की रैलियां, बजते हुए लाउडस्पीकर परीक्षा केंद्रों के पास से गुजरते रहते हैं। इससे परीक्षार्थियों को परीक्षा में काफी शोरगुल सुनाई पड़ता है।
परीक्षा केंद्रों पर प्राइवेट स्कूलों के छात्र-छात्राओं को लेकर पहुंचे अध्यापकों, संचालकों, अभिभावकों, राकेश गौतम, देवेंद्र नामा, चंद्रशेखर शर्मा, मनोज शर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में चुनावी शोरगुल से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है, लेकिन प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। एक परीक्षा केंद्र पर पहुंचे उड़नदस्ते के कर्मचारियों ने परीक्षा केंद्र के आसपास हो रहे शोरगुल को सुनकर केंद्राधीक्षकों से शोरगुल बंद करवाने के लिए फटकार लगाई, लेकिन पुलिस व्यवस्था नहीं होने के कारण शोर नहीं थम सका।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल की निशु शर्मा ने बताया कि 8वीं परीक्षा में 122, 10वीं परीक्षा में 142 व 12वीं में 135 परीक्षार्थी केंद्र पर परीक्षा दे रहे हैं। जबकि बॉयज उच्च माध्यमिक स्कूल के प्रिंसिपल अशोक कुमार चाहर ने बताया कि केंद्र पर आठवीं में 340, 10वीं में 358 व 12वीं में 294 परक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर हो रहे शोरगुल बंद करवाने के लिए पुलिस से मांग की है।