- Hindi News
- National
- Baran News Rajasthan News Health Education And Nutrition Necessary For All Round Development Collector
सर्वांगीण विकास के लिए स्वास्थ्य शिक्षा और पोषण जरूरी: कलेक्टर
महिला एवं बाल विकास विभाग की आेर से जिले में चलाए जा रहे पोषण पखवाड़े के तहत नवाचार के तौर पर ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को पोषण रात्रि चौपालों का आयोजन किया गया। पोषण रात्रि चौपालों में महिलाओं व शिशुओं को पौष्टिक आहार, कोरोनावायरस के संक्रमण से बचाव के संबंध में जागरूक किया।
साथ ही जनसमस्याओं की सुनवाई भी की गई। पोषण रात्रि चौपाल के तहत जिलास्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत छीपाबड़ौद में आयोजित किया गया। कलेक्टर इंद्रसिंह राव ने पोषण रात्रि चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण जरूरी है। इसके लिए सभी को जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला कुपोषण से दंश से प्रभावित रहा है, लेकिन पोषण संबंधी कार्यक्रमों, जागरुकता एवं नवाचार से स्थिति में बदलाव लाया जा रहा है। जिसका परिणाम है कि जिले को सुपोषण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिला है।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, शिशुओं को संतुलित व पौष्टिक आहार दिया जाना चाहिए। सीईओ जिला परिषद बृजमोहन बैरवा ने कहा कि महिलाओं के लिए पोषण का काफी महत्व है, क्योंकि वह जन्मदात्री है। इससे नवजात शिशु को भी पोषण मिलता है। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास अधिकारी मोहिनी पाठक, सीएमएचओ डॉ. संपतराज नागर ने बताया कि पोषण के संबंध में महिलाओं के साथ पुरुषों में भी जागरुकता आई है।
इस मौके पर पोषण संबंधी जागरुकता से जुड़े कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में उत्कृष्ठ कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसीईओ गौरव मित्तल, एसडीएम छीपाबड़ौद, तहसीलदार, जिलास्तरीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद थे। पंचायत समिति अंता व मांगरोल की ग्राम पंचायतों में पोषण रात्रि चौपाल का आयोजन चुनाव के मद्देनजर नहीं किया गया। जबकि जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में पोषण रात्रि चौपालों का आयोजन हुआ, जिसमें संबंधित एसडीएम एवं ब्लॉकस्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
भंवरगढ़. क्षेत्र में पोषण सप्ताह के तहत गांवों में राजीव गांधी सेवा केंद्राें पर चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को पोषण के बारे में जानकारी देने के साथ ही पंचायत क्षेत्र की समस्याएं भी सुनी गई। इस दौरान भंवरगढ़ में सरपंच पिस्ताबाई व उपसरपंच घनश्याम नागर व फल्दी में सरपंच त्रिलोक सहरिया, बबलूभाई मौजूद थे। परानियां में राजीव गांधी सेवा केंद्र पर आयोजित चौपाल में सरपंच जुबेदा बेगम ने ग्रामीणों को जागरूक किया। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी जगदीश सहरिया भी मौजूद थे।
छीनोद. कस्बे के आंगनबाड़ी केंद्र प्रथम पर शनिवार को पोषण पखवाड़े के तहत स्वच्छता दिवस व किशोरी बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं को घर में स्वच्छता बनाए रखने, बच्चों को बेहतर पोषण देकर कुपोषण से दूर रखने के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान कुपोषित बच्चों को नियमित रूप से आहार देने व स्वच्छता बनाए रखने के लिए शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता चंदनबाला, दुर्गेश नंदिनी, सुमित्रा रैगर, संतोष राठौर, संगीता सुमन मौजूद थे।
जनसुनवाई में किया समस्याओं का निस्तारण: बामला. कस्बे के राजीव गांधी सेवा केंद्र पर शुक्रवार शाम को एसडीएम शत्रुघ्न गुर्जर की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। संदीप मीणा ने खेल मैदान नहीं होने की समस्या उठाई। इस पर एसडीएम गुर्जर ने दोबनी तलाई में खेल मैदान आवंटित करने के तहसीलदार अब्दुल हफीज को मौखिक निर्देश दिए। वहीं ओमप्रकाश सुमन ने गांव से दिलोदा को जोड़ने वाली संपर्क सड़क पर सालभर पानी भरा रहने की समस्या उठाई तो एसडीएम ने सरपंच को समस्या समाधान करने के निर्देश दिए। एसडीएम गुर्जन ने ग्रामीणों को कोराेनावायरस से बचाव के तरीके भी बताए। इस मौके पर तहसीलदार अब्दुल हफीज, डाॅ. नरेश नागर, सरपंच बुद्धिप्रकाश रावल, ग्राम विकास अधिकारी राजसिंह, आंगनबाड़ी वर्कर समेत कई विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
भंवरगढ़. फल्दी आंगनबाड़ी केंद्र पर हाथ धोने का तरीका बताती कार्यकर्ता।
बारां. रात्रि चौपाल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते कलेक्टर।