जन आधार कार्ड का होगा निशुल्क वितरण
बारां| राजस्थान जन आधार योजना के तहत जिले में जन आधार कार्ड का निशुल्क वितरण किया जाएगा। कलेक्टर इंद्रसिंह राव ने बताया कि जन आधार कार्ड प्रिंटिंग के बाद सेवा प्रदाता की ओर से सीधे ही स्पीडपोस्ट या कोरियर से ग्रामीण क्षेत्रों में बीडीओ पंचायत समिति मुख्यालयों पर पहुंचा दिए गए हैं।
बीडीओ त्रुटिरहित जन आधार कार्डों को वितरण के लिए ग्राम पंचायतों के ई-मित्र संचालकों को देंगे। ई-मित्र संचालकों को कार्डों की सुपुर्दगी के बाद राज्य स्तर से ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से संबंधित निवासियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल पर संबंधित ई-मित्र संचालक से निशुल्क कार्ड हासिल करने का संदेश भेजा जाएगा। संदेश मिलने के बाद परिवार की मुखिया या परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य जिसकी आधार संख्या जन आधार में दर्ज हो, अपनी उंगलियों के निशान लगाकर जन आधार कार्ड ई-मित्र संचालक से हासिल कर सकेगा।