अंता अाैर मांगरोल में मतदान आज
बारां। पंचायतीराज चुनाव के तहत पंचायत समिति अंता अाैर मांगरोल के लिए ग्राम पंचायतों में रविवार को मतदान होगा। पाेलिंग पार्टियाें को अंतिम प्रशिक्षण दे दिया। वे शनिवार को जिला परिषद से रवाना हाेकर बूथाें पर पहुंच गई। जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रसिंह राव ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पंचायत समिति अंता एवं मांगरोल की ग्राम पंचायतों में पंचाें-सरपंचाें के चुनाव कराए जा रहे हैं। रविवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद मतगणना की जाएगी। उपसरपंच के चुनाव साेमवार को होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी राव ने पाेलिंग पार्टियाें के कार्मिकाें को अंतिम प्रशिक्षण में संबोधित कर कहा कि मतदान में पारदर्शिता सर्वोपरी है। सभी पाेलिंग अधिकारी स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएं। निर्वाचन प्रक्रिया में चुनाव आयोग के निर्देशों की पालना कर पूर्ण आत्मविश्वास के साथ मतदान कराएं। प्रशिक्षण प्रभारी व सीईओ बृजमोहन बैरवा ने मतदान के दाैरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। इस दाैरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद अबूबक्र, एसडीएम अंता व मांगरोल, चुनाव समन्वयक हीरालाल वर्मा शामिल थे। संचालन सुनील शर्मा ने किया।
इन ग्राम पंचायताें में डलेंगे वाेट
जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रसिंह राव ने बताया कि पंचायत समिति अंता की ग्राम पंचायत बड़वा, बमूलियाकलां, बमूलिया माताजी, जयनगर, पंचेलकलां, पलायथा, पाटोंदा एवं सोरखंडकलां में चुनाव होंगे। पंचायत समिति मांगरोल की ग्राम पंचायत बमोरीकलां, हिंगोनिया, जलोदातेजाजी, महलपुर, सीसवाली व तिसाया में चुनाव होंगे।
सूखा दिवस और अवकाश घोषित
जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रसिंह राव ने पंचायत राज संस्थाओं के सरपंच एवं वार्ड पंचों के लिए आमचुनाव के तहत 15 मार्च को पंचायत समिति अंता व मांगरोल में मतदान दिवस पर सवेतन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। वित्त आबकारी विभाग ने सूखा दिवस संबंधी आदेश जारी किए है। राव ने बताया कि अंता व मांगरोल की निर्धारित ग्राम पंचायतों में 13 मार्च को शाम 5 बजे से 15 मार्च को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है। जिसके तहत निर्वाचन क्षेत्र की पांच किमी परिक्षेत्र में शराब की बिक्री-वितरण पूर्णतया बंद रहेगी।